सीतामढ़ी. एसपी मनोज कुमार तिवारी की स्पेशल टीम ने मेजरगंज पथ के सहियारा थाना के मौदह गांव के समीप से 30 अप्रैल को बस से उतार कर एक व्यवसायी के मुंशी को गोली मारकर चार लाख की लूटकांड करने के मामले में संदेह के आधार पर छह बदमाशों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है. बदमाशों के पास से पुलिस ने हथियार, नेपाली नोट व बैंकों में लोगों को ज्यादा पैसा का लोभ दिखाकर ठगी करने वाला कागज के नोट का बंडल सहित अन्य आपत्तिजनक सामान भी बरामद किया है. हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गयी है. बताया गया कि सहियारा थाना क्षेत्र के रीगा-मेजरगंज पथ के मौदह गांव के समीप बदमाशों ने 24 साल के युवक को बस से उतारकर गोली मारकर चार लाख रुपया लूट की घटना को अंजाम दिया था. युवक सीतामढ़ी शहर से लहना वसूलकर ले जा रहे थे. उसे सीतामढ़ी के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था. घटना 30 अप्रैल देर रात की थी. बदमाशों की गोली से जख्मी युवक की पहचान मेजरगंज थाना क्षेत्र के मलाही गांव निवासी रामभरोस साह के पुत्र मनोज कुमार के रूप में की गई थी. जख्मी मनोज मेजरगंज के एक बड़े व्यवसायी के यहां काम करता है. उसी व्यवसायी का सीतामढ़ी व अन्य स्थानों से लहना वसूलकर बस से देर रात मेजरगंज जा रहा था. इसी दौरान रास्ते में सड़क किनारे बांसबाड़ी में पूर्व से घात लगाए छह-सात बदमाशों ने बस को रोक लिया और पूर्व के विवाद का माहौल बनाकर युवक को बस से उतार लिया और बैग छीनने का प्रयास करने लगे. विरोध करने पर बदमाशों ने गोली मारकर रुपयों से भरा बैग छीन लिया था. घटना की सूचना पर सदर एसडीपीओ रामकृष्णा व सहियारा थानाध्यक्ष रविकांत कुमार ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की थी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
