Parihar Water Crisis: सीतामढ़ी जिले के परिहार प्रखंड अंतर्गत परिहार दक्षिणी पंचायत के पटिया टोल गांव में सोमवार को भीषण जल संकट से आक्रोशित ग्रामीणों ने परिहार-परवाहा मुख्य सड़क को जाम कर विरोध प्रदर्शन किया. करीब एक घंटे तक चले इस सड़क जाम के कारण आवागमन ठप रहा और वाहनों की लंबी कतार लग गई.
एक से तीन महीने से घरों में नहीं आ रहा पानी
स्थानीय ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं को लेकर प्रशासन और पीएचईडी विभाग के खिलाफ नाराजगी जाहिर की.
- ग्रामीणों का आरोप: ग्रामीण अमजद, नाजनीन खातून और रुकैया ने बताया कि पिछले एक माह से उन्हें पानी की आपूर्ति नहीं मिल रही है, जबकि कुछ परिवारों के घरों में तीन महीने से पीने का पानी तक नहीं पहुंचा है.
- खराबी बनी वजह: नोनाही जलमीनार स्थित पीएचईडी पाइपलाइन में आई तकनीकी खराबी को इस जल संकट का मुख्य कारण बताया जा रहा है.
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की उपेक्षा से आक्रोश
ग्रामीणों का कहना है कि स्थानीय जनप्रतिनिधि के आश्वासन के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है.
- अधिकारियों का रवैया: वार्ड सदस्य अमान अंसारी ने बताया कि पाइपलाइन मरम्मत के लिए पीएचईडी विभाग के कनीय अभियंता पवन कुमार से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन फोन पर कोई समुचित जवाब नहीं मिला.
- आंदोलन की चेतावनी: ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही जलापूर्ति बहाल नहीं की गई तो वे उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे.
ये भी पढ़ें: सीतामढ़ी जंक्शन से गुजरने वाली अप और डाउन ट्रेनों की समय सारणी जारी, देखें पूरी सूची
