मानसून की रफ्तार से बढ़ी धान रोपनी, जिले में अब तक 23 फीसदी लक्ष्य पूरा

सीतामढ़ी जिले में मानसून की सक्रियता और लगातार बारिश से धान की रोपनी जोर पकड़ रही है. अब तक कुल लक्ष्य का 23% पूरा हो चुका है. बैरगनिया प्रखंड इस मामले में सबसे आगे है, जहां 50.76% रोपनी संपन्न हो गई है.

Sitamarhi News: मानसून के सक्रिय होने और पिछले दो दिनों से हो रही बारिश के बाद जिले में धान की रोपनी ने रफ्तार पकड़ ली है. लगातार हो रही बारिश से किसान उत्साहित हैं. उनका कहना है कि यदि मौसम इसी तरह अनुकूल रहा तो धान की फसल को बेहतर लाभ मिलेगा.

कृषि विभाग के अनुसार जिले में अब तक 1,07,460 हेक्टेयर लक्ष्य के विरुद्ध 24,037 हेक्टेयर में धान की रोपनी हो चुकी है, जो कुल लक्ष्य का करीब 23 प्रतिशत है. विभागीय आंकड़ों के मुताबिक जुलाई माह में अब तक 51.95 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है.

बैरगनिया में सबसे अधिक हुई रोपनी

धान रोपनी के मामले में बैरगनिया प्रखंड जिले में सबसे आगे है. यहां 2,762 हेक्टेयर लक्ष्य के मुकाबले 50.76 प्रतिशत रोपनी पूरी हो चुकी है. इसके बाद परिहार में 47.67 प्रतिशत और सोनबरसा में 32.28 प्रतिशत रोपनी दर्ज की गई है.

वहीं परसौनी प्रखंड सबसे पीछे है, जहां लक्ष्य के मुकाबले केवल 2.09 प्रतिशत धान की रोपनी हो सकी है.

प्रखंडवार धान रोपनी की स्थिति

कृषि विभाग के अनुसार प्रमुख प्रखंडों में धान रोपनी की प्रगति इस प्रकार है—

  • बैरगनिया – 50.76%
  • परिहार – 47.67%
  • सोनबरसा – 32.28%
  • बेलसंड – 32.21%
  • चोरौत – 25.05%
  • पुपरी – 21.63%
  • रीगा – 20.50%
  • रुन्नीसैदपुर – 20.26%
  • बोखड़ा – 19.02%
  • बथनाहा – 18.07%
  • नानपुर – 15.30%
  • बाजपट्टी – 14.93%
  • सुरसंड – 12.96%
  • डुमरा – 12.68%
  • मेजरगंज – 10.73%
  • सुप्पी – 10.73%
  • परसौनी – 2.09%

किसानों को अच्छी बारिश से उम्मीद

किसानों का कहना है कि यदि आने वाले दिनों में भी नियमित बारिश होती रही तो धान की रोपनी समय पर पूरी हो जाएगी और फसल उत्पादन बेहतर होने की उम्मीद है.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Raushan kumar

Published by: Sarfaraz Ahmad

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >