Sitamarhi News: डुमरा थाना क्षेत्र में शादी के महज तीन महीने बाद एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. मृतका के पिता की शिकायत पर पुलिस ने दहेज हत्या और प्रताड़ना का मामला दर्ज कर त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका के पति, सास और ससुर को गिरफ्तार कर लिया है. मामले की जांच जारी है.
पिता ने दहेज और जमीन की मांग का लगाया आरोप
प्राथमिकी के अनुसार, कमोद प्रसाद ने बताया कि उनकी 26 वर्षीय पुत्री मनीषा कुमारी की शादी 6 मई 2026 को बाजपट्टी थाना क्षेत्र के पटदौरा गांव निवासी मिथिलेश कुमार के साथ हुई थी. उनका आरोप है कि शादी के बाद पति मिथिलेश कुमार, ससुर नवल किशोर राय, सास सुमित्रा देवी और ननद नीतू कुमारी चार लेन सड़क के किनारे स्थित जमीन पति के नाम रजिस्ट्री कराने का दबाव बना रहे थे. जमीन नहीं देने पर मनीषा के साथ मारपीट और मानसिक प्रताड़ना किए जाने का भी आरोप लगाया गया है.
मौत से पहले पिता को किया था फोन
प्राथमिकी के अनुसार, मंगलवार शाम करीब पांच बजे मनीषा ने अपने पिता को फोन कर अपनी जान को खतरा बताया था. सूचना मिलने पर परिजन ग्रामीणों के साथ डुमरा स्थित डीएवी स्कूल के समीप किराये के मकान पहुंचे, जहां मनीषा मृत अवस्था में मिली.
शरीर पर चोट के निशान होने का आरोप
मृतका के पिता का आरोप है कि मनीषा के मुंह से झाग निकल रहा था तथा शरीर पर कई जगह चोट के निशान थे. घटना की सूचना मिलने पर डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया.
तीन आरोपित गिरफ्तार, जांच जारी
पुलिस ने मृतका की मां के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर पति, सास और ससुर को गिरफ्तार कर लिया है. प्राथमिकी में आरोप लगाया गया है कि दहेज और जमीन की मांग पूरी नहीं होने पर मनीषा की हत्या कर साक्ष्य मिटाने का प्रयास किया गया. पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट सहित उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
