प्रतिनिधि सीतामढ़ी. सदर अस्पताल में गुरुवार की शाम इलाज के दौरान एक नवजात शिशु की मौत के बाद परिजनों ने हंगामा किया. परिजन का आरोप था कि इलाज में लापरवाही के कारण शिशु की मौत हुई है. जानकारी के अनुसार, सुबह करीब छह बजे रीगा थाना क्षेत्र के रामनगरा निवासी संतोष पासवान की गर्भवती पत्नी वीणा देवी को प्रसव पीड़ा के कारण प्रसव वार्ड में भर्ती कराया गया. परिजन ने बताया कि जांच के बाद स्वास्थ्य कर्मी ने बताया कि आपरेशन के बाद ही महिला की डिलीवरी करायी जा सकती है. लेकिन, दोपहर में दवा देकर महिला का नार्मल डिलीवरी करायी गयी. आरोप लगाया कि नार्मल डिलीवरी कराने के कारण शिशु के दब जाने के कारण तत्काल उसे शिशु वार्ड में भर्ती कराया गया. शाम में शिशु की मौत हो गयी. शिशु की मौत की खबर सुनते ही परिजनों ने सदर अस्पताल परिसर में हंगामा शुरू कर दिया. आरोप लगाया कि अगर महिला का आपरेशन कर डिलीवरी करायी जाती तो शिशु को बचाया जा सकता था. लेकिन ड्यूटी पर तैनात महिला चिकित्सक के लापरवाही व उपस्थित नहीं रहने के कारण शिशु की मौत हो गयी है. हंगामा की जानकारी मिलने पर स्थानीय टीपीओ पुलिस शोभित राय जवानों के साथ वहां पहुंचकर लोगों को समझा बुझाकर शांत कराया. सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ मुकेश कुमार ने बताया कि इलाज की दौरान शिशु की मौत होने की बात सामने आयी है. वहीं, सर्जरी या नार्मल डिलीवरी का निर्णय महिला चिकित्सक के द्वारा पीड़ित महिला की स्थिति देखकर ली जाती है. बाकी जांच के बाद ही आगे कुछ कहा जा सकता है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
