बथनाहा. प्रखंड क्षेत्र के हरनहिया गांव निवासी सामाजिक कार्यकर्ता सह वार्ड सदस्य मोहन सिंह के करीब 21 वर्षीय पुत्र सत्यम कुमार को दिल्ली के केशवपुरम थाना क्षेत्र स्थित एक फैक्ट्री में काम करने के दौरान हत्या कर देने का मामला सामने आया है. परिजन से मिली जानकारी के अनुसार, मोहन सिंह अपने पुत्र के साथ दो माह पूर्व दिल्ली में मजदूरी करने गये थे. पुत्र सत्यम केशवपुर स्थित एक गद्दा फैक्ट्री में रात्रि ड्यूटी करता था. अन्य दिनों की तरह बुधवार की रात भी फैक्ट्री में ड्यूटी पर गया था. सुबह उसकी मौत की सूचना मिली. हत्यारों द्वारा हत्या को आत्महत्या दर्शाने के लिए उसके गले में फंदा डालकर फैक्ट्री के अंदर लटका दिया गया था. घटना की सूचना मिलने पर दिल्ली में साथ रह रहे मृतक के पिता वहां पहुंचकर जब विरोध जताया जाने लगा, तो हत्यारों द्वारा धमकाया जाने लगा. हालांकि, इसकी जानकारी सीतामढ़ी सांसद देवेश चंद्र ठाकुर को मिली, तो उन्होंने मामले को गंभीरता से लेते हुए दिल्ली के वरीय पुलिस अधिकारी से बात की. घटना की निष्पक्ष जांच करा न्याय देने को कहा. इसके बाद दिल्ली पुलिस हरकत में आयी और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराकर शव को परिजनों को सौंप दिया. फॉरेंसिक की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर घटना स्थल से सैंपल लिया. इस घटना की सूचना से हरनहिया गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है. वहीं, मां उषा देवी एवं छोटा भाई शिवम कुमार का रो-रोकर बुरा हाल है. सत्यम दो भाइयों में बड़ा था.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
