Prabhat Khabar impact: सीतामढ़ी शहर के सबसे व्यस्त इलाकों में शुमार सोनापट्टी स्थित मारवाड़ी मिडिल स्कूल के ठीक सामने संचालित 'जयसवाल इस्टू हाउस' नामक दुकान पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. प्रभात पड़ताल में मामला सामने आने के बाद नगर थानाध्यक्ष अशोक कुमार ने पुलिस बल के साथ इस दुकान में औचक छापेमारी की, जहां जायकेदार मीट की आड़ में ग्राहकों को खुलेआम अवैध शराब परोसी जा रही थी.
छापेमारी से मचा हड़कंप, मैनेजर समेत 5 ग्राहक रंगे हाथों गिरफ्तार
पुलिस की इस अचानक हुई कड़क कार्रवाई से दुकान और आसपास के इलाकों में भारी अफरा-तफरी मच गई. पुलिस ने मौके पर कार्रवाई करते हुए दुकान के मैनेजर संजीव कुमार समेत कुल 5 ग्राहकों को शराब पीते हुए रंगे हाथों धर दबोचा. पुलिस के इस एक्शन से अवैध धंधा करने वालों में हड़कंप मच गया है.
दुकान सील, शराब की सप्लाई और पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने मौके से शराब की खेप बरामद करने के साथ ही दुकान को तुरंत प्रभाव से सील कर दिया है. गिरफ्तार किए गए सभी छह आरोपियों को हिरासत में लेकर उनसे कड़ाई से पूछताछ की जा रही है. नगर थानाध्यक्ष अशोक कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई है. पुलिस अब यह खंगाल रही है कि यह अवैध कारोबार कब से चल रहा था और इसके पीछे शराब सप्लाई करने वाला मुख्य नेटवर्क किसका है.
यह भी पढ़ें...मुजफ्फरपुर डबल मर्डर: हत्या से एक दिन पहले मस्जिद चौक पर दिखा किलर, 1500 CCTV खंगालने के बाद हुआ बेनकाब
