Sitamarhi News: बेला थाना क्षेत्र के मनपौर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में रजिस्ट्रेशन कराने पहुंचीं छात्राओं के साथ कथित छेड़छाड़ और मारपीट का मामला सामने आया है. घटना 30 जुलाई की बताई जा रही है. पीड़ित छात्रा के बयान पर बेला थाना में आरोपी छात्र के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है.
मोबाइल नंबर मांगने और अभद्र टिप्पणी का आरोप
जानकारी के अनुसार मनपौर गांव निवासी मुन्ना कुमार, जो उसी विद्यालय का दसवीं कक्षा का छात्र है, स्कूल के सामने सड़क पर खड़ा था. आरोप है कि रजिस्ट्रेशन के लिए पहुंचीं सात छात्राओं से उसने मोबाइल नंबर मांगा और अश्लील टिप्पणियां कीं.
विरोध करने पर ईंट, पत्थर और डंडे से हमला
छात्राओं के विरोध करने पर आरोपी ने कथित तौर पर उनका हाथ, बाल और पैर पकड़कर खींचा तथा गाली-गलौज की. आरोप है कि इसके बाद उसने ईंट, पत्थर और डंडे से हमला कर दिया. इस घटना में चार छात्राएं गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि कुछ छात्राएं बेहोश होकर गिर पड़ीं.
शिक्षकों ने पहुंचाया अस्पताल
घटना के दौरान एक छात्रा किसी तरह स्कूल परिसर में पहुंची और शिक्षकों को जानकारी दी. इसके बाद सभी घायल छात्राओं को स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार किया गया.
पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी
पीड़ित छात्रा के बयान के आधार पर बेला थाना पुलिस ने आरोपी मुन्ना कुमार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
