Sitamarhi MDM scam: सीतामढ़ी जिले के परिहार प्रखंड अंतर्गत मध्य विद्यालय नरंगा के प्रधान शिक्षक एमडीएम (मध्याहन भोजन) घोटाले में बुरी तरह फंस गए हैं. उन पर एमडीएम मद के 37.47 क्विंटल चावल गटक जाने का गंभीर आरोप साबित हुआ है. विभाग द्वारा की गई औचक जांच में गबन की पुष्टि होने के बाद प्रधान शिक्षक पर 4,56,282 रुपये का भारी आर्थिक दंड निर्धारित किया गया है. सक्षम प्राधिकारी ने आरोपी प्रधान शिक्षक को पत्र प्राप्ति के मात्र एक सप्ताह के भीतर निर्धारित बैंक खाते में जुर्माने की पूरी राशि जमा करने का कड़ा आदेश दिया है.
headmaster fined: जांच के दौरान एक भी बच्चा स्कूल में मौजूद नहीं मिला था
प्राप्त जानकारी के अनुसार किसी ने सहयोग पोर्टल पर उक्त विद्यालय में फर्जी तरीके से अधिक बच्चों की हाजिरी बनाकर चावल और सरकारी राशि के गबन की शिकायत दर्ज कराई थी. इस शिकायत के आधार पर एमडीएम के डीपीओ ने मामले की निष्पक्ष जांच के लिए 25 जुलाई 2026 को तीन सदस्यीय विशेष टीम का गठन किया था. टीम ने आगामी 27 जुलाई को जब विद्यालय का औचक निरीक्षण किया, तो रजिस्टर में 487 बच्चों की हाजिरी बनी मिली, जबकि मौके पर एक भी बच्चा उपस्थित नहीं पाया गया.
स्पष्टीकरण का जवाब नहीं देने पर डीपीओ ने की सख्त कार्रवाई
जांच रिपोर्ट के आधार पर एमडीएम डीपीओ ने पांच अगस्त को विद्यालय प्रबंधन से इस संबंध में स्पष्टीकरण मांगा था. हालांकि, निर्धारित समय बीत जाने के बाद भी प्रधान शिक्षक की ओर से डीपीओ को कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया. इसके बाद प्रशासनिक स्तर पर यह कड़ा कदम उठाया गया है. डीपीओ ने निर्देश दिया है कि सात दिनों के भीतर बिहार राज्य मध्याहन भोजन योजना समिति, सीतामढ़ी के नाम से डिमांड ड्राफ्ट या अधिकृत बैंक खाते में राशि जमा कराई जाए. निर्धारित समय-सीमा के अंदर राशि जमा न होने की स्थिति में उनके वेतन से सीधे तौर पर वसूली की कठोर कार्रवाई शुरू करने की चेतावनी दी गई है.
