बेला में सीएससी केंद्र से अवैध आधार कार्ड पंजीकरण का खुलासा, सीएससी संचालक समेत पांच गिरफ्तार

जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने बेला में अवैध आधार कार्ड पंजीकरण का खुलासा किया है.

सीतामढ़ी. जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने बेला में अवैध आधार कार्ड पंजीकरण का खुलासा किया है. इसमें कुछ आधार कार्ड पंजीकरण केंद्रों(सीएससी) संचालकों की अवैध रुप से नेपाली नागरिकों के लिए आधार कार्ड पंजीकरण करने में संलिप्तता पायी गयी है. कार्रवाई टीम ने मौके से सीएससी संचालक समेत पांच धंधेबाजों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार व्यक्तियों में एसबीआइ सीएससी संचालक बेला थाना क्षेत्र के मच्छपकौनी निवासी चंद्रनाथ प्रताप उर्फ मुरारी कुमार, सीएससी मौसम ट्रेवल्स एंड स्टूडेंट प्वाइंट के संचालक बेला निवासी रघुनाथ कुमार, आधार पंजीकरण केंद्र, बेला पंचायत भवन आधार ऑपरेटर भुतही थाना क्षेत्र के मधेसरा निवासी अनिल कुमार, सीएससी संचालक बेला थाना के कन्हवां बाजार निवासी सुनील कुमार एवं साइबर कैफे संचालक कन्हवां बाजार निवासी बृजनंदन कुमार साह शामिल है. पुलिस अधीक्षक अमित रंजन ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि जिला प्रशासन एवं पुलिस द्वारा प्राप्त गुप्त सूचना एवं साक्ष्यों के आधार पर नेपाल सीमा से सटे क्षेत्रों में आधार कार्य पंजीकरण केंद्रों(सीएससी) की गतिविधियों की गहन जांच हेतु विशेष अभियान चलाया गया. जांच के क्रम में यह तथ्य सामने आया कि कुछ सीएससी संचालक अवैध रुप से नेपाली नागरिकों के लिए आधार कार्ड पंजीकरण करने में संलिप्त पाये गये. टीम द्वारा संचालकों से विस्तृत पूछताछ की गयी. इसमें संचालक समेत पांच की गिरफ्तारी की गयी है. इसके अतिरिक्त अन्य तीन व्यक्तियों के आधार कार्ड भी संदिग्ध रुप से उपलब्ध कराये गये. उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर यह स्पष्ट हुआ कि उक्त संचालक नेपाली नागरिकों से अवैध रुप से राशि लेकर उनका आधार पंजीकरण कराने का प्रयास कर रहे थे. इन धंधेबाजों के केंद्रों से सात लैपटॉप, सात मोबाइल, 20 आधार कार्ड की छायाप्रति, तीन आवासीय प्रमाणपत्र, दो आय प्रमाणपत्र, जाति प्रमाणपत्र की छाया प्रति, दो चार्जर, आधार कार्ड का रिसीविंग, चार मूल आधार कार्ड, अंगूठा स्कैनर मशीन एवं अंगूठा क्लोनिंग मशीन बरामद किया गया है. उक्त सभी सामग्रियों को जब्त कर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध बेला थाने में प्राथमिकी दर्ज की गयी है. प्रेस कॉन्फ्रेंस में अपर पुलिस अधीक्षक आशीष आनंद भी मौजूद रहे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: VINAY PANDEY

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >