नव वर्ष में जिलावासियों को पांच नये थाना भवनों की मिलेगी सौगात

नववर्ष 2026 सीतामढ़ी पुलिस के लिए बड़े बदलाव और नई उम्मीदों का साल साबित होने जा रहा है.

सीतामढ़ी. नववर्ष 2026 सीतामढ़ी पुलिस के लिए बड़े बदलाव और नई उम्मीदों का साल साबित होने जा रहा है. जिले की पुलिस व्यवस्था को और अधिक मजबूत, पारदर्शी तथा तकनीक-संपन्न बनाने की दिशा में कई अहम योजनाएं अंतिम चरण में हैं. आधुनिक संसाधनों से लैस होकर सीतामढ़ी पुलिस न केवल अपराध नियंत्रण में अधिक प्रभावी होगी, बल्कि आम जनता को भी बेहतर और भरोसेमंद पुलिसिंग का अनुभव मिलेगा. लंबे समय से भवन की समस्या से जूझ रहे थानों को बड़ी राहत मिलने वाली है.

–आधुनिक डिजाइन व सुविधाओं से लैस होंगे भवन

जिले के गाढ़ा, सुप्पी, चरौत, बोखरा और महिंदवारा थानों को नए थाना भवन मिलने की उम्मीद है. इनमें कुछ थानों को मॉडल थाना भवन और कुछ को नक्सल थाना भवन के रूप में विकसित किया जाएगा. आधुनिक डिजाइन व सुविधाओं से युक्त ये भवन पुलिसकर्मियों के साथ-साथ फरियादियों के लिए भी सुविधाजनक साबित होंगे.

–पुलिस केंद्र का हो रहा व्यापक आधुनिकीकरण

पुलिस केंद्र का भी व्यापक स्तर पर आधुनिकीकरण किया गया है. यहां 100 वाहनों की क्षमता वाला अत्याधुनिक पार्किंग शेड तैयार किया गया है, जिसमें वाहनों की वाशिंग की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है. इसके अलावा जिले के सभी थानों में भी वाहनों के लिए पार्किंग शेड का निर्माण कराया गया है. पुलिस केंद्र की 33 पुरानी गाड़ियों के स्थान पर जल्द ही नए वाहन उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे गश्ती व्यवस्था और आपात सेवाएं और अधिक सुदृढ़ होंगी.

–ट्रैफिक व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए 160 सिपाहियों की होगी विशेष तैनाती

अब पुलिस विभाग की अधिकांश बैठकों का आयोजन पुलिस केंद्र परिसर में ही किया जाएगा. यहां स्थित आनंद भवन को पूरी तरह से आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित कर दिया गया है. प्रशिक्षण कार्यक्रमों व प्रशासनिक बैठकों के साथ-साथ मासिक अपराध गोष्ठी का आयोजन भी इसी आनंद भवन में किया जाएगा, जो अब नए रूप में सज-धज कर तैयार है.मानव बल की कमी से जूझ रही सीतामढ़ी पुलिस को भी वर्ष 2026 में बड़ी राहत मिलने वाली है. मार्च 2026 तक जिले को 325 नए सिपाही मिलने की संभावना है. इसके साथ ही ट्रैफिक व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए 160 सिपाहियों की विशेष तैनाती की जाएगी, जिससे शहर की यातायात व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार की उम्मीद है.

–पुलिस केंद्र में हो रहा महिला बैरक का निर्माण

महिला पुलिस बल के लिए भी विशेष सुविधाएं विकसित की जा रही हैं. पुलिस केंद्र में 350 क्षमता वाली आधुनिक महिला बैरक का निर्माण किया जा रहा है, जिसमें रहने की सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होंगी. वहीं पुलिस बल के भोजन की व्यवस्था को भी व्यवस्थित किया गया है. पुलिस केंद्र में जवानों के लिए समय पर भोजन व नाश्ता उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी 26 जीविका दीदियों को सौंपी गई है, जो नियमित रूप से अपनी सेवाएं दे रही हैं. कुल मिलाकर, वर्ष 2026 सीतामढ़ी पुलिस के लिए मजबूती, आधुनिकीकरण और बदलाव का साल साबित होने जा रहा है. इन सभी प्रयासों से न केवल जिले की कानून-व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी, बल्कि पुलिस और जनता के बीच भरोसे का रिश्ता भी और मजबूत होगा. एसपी अमित रंजन के निर्देश पर पुलिस केंद्र में कंट्रोल रूम की स्थापना कराई गई है, जहां प्रतिनियुक्त पदाधिकारी “तीसरी आंख” के माध्यम से जिले की विधि-व्यवस्था एवं ट्रैफिक व्यवस्था पर नजर रखकर नियंत्रण कर रहे हैं.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Vinay pandey

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >