नागरिकों को मिलने वाली सुविधाएं बनेंगी सुलभ : डीएम

समृद्धि यात्रा के सफल व सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर सोमवार की शाम डीएम रिची पांडेय व एसपी अमित रंजन ने समाहरणालय में प्रेसवार्ता की.

डुमरा: समृद्धि यात्रा के सफल व सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर सोमवार की शाम डीएम रिची पांडेय व एसपी अमित रंजन ने समाहरणालय में प्रेसवार्ता की. डीएम ने कहा कि जिला निरंतर विकास एवं प्रगति के पथ पर अग्रसर है. सात निश्चय के अंतर्गत निर्धारित योजनाओं का क्रियान्वयन पूरी गंभीरता एवं प्रतिबद्धता के साथ किया जाएगा. विशेष रूप से सात निश्चय-तीन के तहत चिन्हित योजनाओं को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने के लिए सभी विभागों एवं अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं. साथ ही सातवां निश्चय सबका सम्मान-जीवन आसान के तहत का नागरिकों को मिलने वाली शासन-प्रशासन की सेवाओं को अधिक सुलभ एवं संवेदनशील बनाना है. इस दिशा में पूरी प्रतिबद्धता के साथ जिला प्रशासन कार्य करेगा.

अब प्रत्येक सोमवार व शुक्रवार को जनसंवाद

प्रत्येक सोमवार एवं शुक्रवार को सभी कार्यालयों में जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिससे आम जनता की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी निष्पादन सुनिश्चित हो सके. डीएम ने कहा कि चंदौली घाट पर मीनापुर–बेलसंड पथ स्थित पुल के उद्घाटन से मीनापुर की दूरी में उल्लेखनीय कमी आएगी व आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा. जिले में औद्योगिक विकास को गति देने के उद्देश्य से 504 एकड़ भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया को तेज किया जा रहा है, जिससे आने वाले समय में सीतामढ़ी को औद्योगिक हब के रूप में विकसित किया जा सकेगा व रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे. उद्योग विभाग की विभिन्न योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए उद्यमी संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं व उद्यमियों को बैंक लिंकेज की सुविधा उपलब्ध करायी जा रही है.

बच्चों में विकसित की जाएगी अखबार पढ़ने की आदत

सभी प्रखंडों के मॉडल स्कूलों के समुचित अनुश्रवण में तेजी लायी जाएगी. विद्यालयों में बच्चों को अखबार पढ़ने की आदत विकसित करने के लिए प्रेरित किया जाएगा, जिससे उनमें ज्ञानवर्धन व समसामयिक समझ का विकास हो सके. सभी योजनाओं का क्रियान्वयन पूर्ण पारदर्शिता के साथ किया जाएगा. उद्योग विभाग के तहत सफल लाभुकों की पहचान कर उनकी उपलब्धियों को स्थानीय मीडिया में प्रमुखता से प्रकाशित कराया जाएगा व उनके कार्यस्थलों पर प्रेस विजिट का आयोजन किया जाएगा.

पिछले वर्ष की तुलना में अपराध में आयी गिरावट : एसपी

एसपी ने कहा कि वर्ष 2024 की तुलना में वर्ष 2025 में सीतामढ़ी जिले में अपराध के ग्राफ में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गयी है, जो पुलिस प्रशासन की सतत निगरानी, सक्रिय कार्यप्रणाली व जनसहयोग का परिणाम है. उन्होंने कहा कि जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है. उन्होंने बताया कि जिले में नशे के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाएगा, जिसके तहत पुलिस की टीमें सभी गांवों में जाकर लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करेगी. महिला एवं बालिका सुरक्षा पुलिस प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है. इसी क्रम में महिला पुलिसकर्मी विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में जाकर छात्राओं के साथ गेट-टुगेदर कार्यक्रम आयोजित करेंगी, जिससे उन्हें अपनी समस्याएं खुलकर साझा करने का अवसर मिलेगा व सुरक्षा, कानून एवं अधिकारों के प्रति जागरूक किया जा सकेगा. इस मौके पर डीपीआरओ कमल सिंह समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Vinay pandey

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >