सीतामढ़ी में सूने घर में 12 लाख की चोरी, पांच कमरों के ताले तोड़कर गहने ले गए बदमाश

अरुणाचल प्रदेश गए परिवार के सूने घर को चोरों ने निशाना बनाया. पांच कमरों के ताले तोड़कर करीब 12 लाख रुपये के सोने-चांदी के गहने और महत्वपूर्ण दस्तावेज चुरा लिए गए. पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

Sitamarhi News: डुमरा थाना क्षेत्र के गोपीनाथपुर गांव में अज्ञात चोरों ने सूने पड़े एक घर को निशाना बनाकर करीब 12 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के गहने, महत्वपूर्ण दस्तावेज और अन्य सामान चोरी कर लिया. घटना उस समय हुई, जब पूरा परिवार अरुणाचल प्रदेश गया हुआ था.

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी.

परिवार बाहर था, तभी टूटा घर का ताला

पीड़िता सोनी कुमारी, पति दीपक कुमार, ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि उनके ससुर के निधन के बाद पेंशन संबंधी कार्य के लिए उनके पति और परिवार के अन्य सदस्य अरुणाचल प्रदेश गए हुए थे.

घर में कोई नहीं रहने के कारण सभी कमरों में ताला लगा था, जबकि वह स्वयं अपने मायके विश्वनाथपुर में रह रही थीं.

फोन आया तो खुली चोरी की जानकारी

पीड़िता के अनुसार, इसी दौरान एक स्थानीय व्यक्ति ने उनके पति को फोन कर घर का ताला टूटा होने की सूचना दी.

सूचना मिलने के बाद जब वह ससुराल पहुंचीं तो देखा कि घर के पांचों कमरों के ताले टूटे हुए थे. चोरों ने छत पर रखी गोदरेज अलमारी भी तोड़ दी थी.

छह भर सोना, आधा किलो चांदी और दस्तावेज चोरी

आवेदन के अनुसार, चोर अलमारी में रखे करीब छह भर सोने के गहने, लगभग आधा किलो चांदी के आभूषण और घर में रखे महत्वपूर्ण दस्तावेज अपने साथ ले गए.

पीड़िता ने चोरी गए गहनों और अन्य सामान की कुल कीमत करीब 12 लाख रुपये बताई है.

पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी

घटना की जानकारी मिलने पर डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने आवश्यक साक्ष्य जुटाने के साथ घटनास्थल की फोटोग्राफी भी कराई.

डुमरा थानाध्यक्ष ने बताया कि पीड़िता के आवेदन के आधार पर अज्ञात चोरों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और अन्य तकनीकी पहलुओं पर भी जांच जारी है. पुलिस ने जल्द मामले के उद्भेदन की उम्मीद जताई है.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Rahul gautam

Published by: Aaruni Thakur

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >