सीतामढ़ी के पुपरी से बैधनाथ ठाकुर की रिपोर्ट
Delhi Road Accident: सीतामढ़ी जिले के पुपरी थाना क्षेत्र के एक युवक की दिल्ली में सड़क दुर्घटना में मौत हो गई. युवक की पहचान धरमपुर गांव निवासी रासो मंडल के 23 वर्षीय पुत्र राजा कुमार के रूप में हुई है. प्राप्त सूचना के अनुसार दुर्घटना में घायल होने के बाद इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. शव गांव पहुंचते ही परिवार और पूरे गांव में मातम छा गया.
जानकारी के अनुसार, राजा कुमार अपने माता-पिता के साथ रोजगार के सिलसिले में दिल्ली में रहते थे और काम करते थे. रविवार को ड्यूटी समाप्त होने के बाद वह बाइक से अपने डेरा लौट रहे थे. इसी दौरान रास्ते में वह बाइक से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए.
अस्पताल में इलाज के दौरान हुई मौत
स्थानीय लोगों की मदद से घायल राजा कुमार को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया था. इलाज के दौरान सोमवार को उनकी मौत हो गई. घटना की सूचना मिलने के बाद परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई. दिल्ली पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा. आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद मंगलवार को एंबुलेंस से शव को उनके पैतृक गांव धरमपुर लाया गया.
शव पहुंचते ही गांव में मचा कोहराम
शव गांव पहुंचते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. माता-पिता, पत्नी और अन्य परिवार के सदस्य गहरे सदमे में हैं. घटना की जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मृतक के घर पहुंचे और शोक व्यक्त किया.
ग्रामीणों ने बताया कि राजा कुमार मेहनती और मिलनसार स्वभाव के थे. कम उम्र में ही उन्होंने परिवार की जिम्मेदारी संभाल ली थी और रोजगार के लिए दिल्ली गए थे.
शादी के 8 महीने बाद टूटा परिवार पर दुखों का पहाड़
राजा कुमार की शादी नवंबर 2025 में हुई थी. शादी के महज आठ महीने बाद ही सड़क हादसे में उनकी मौत हो गई. इस घटना से उनकी पत्नी पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.
परिजनों के अनुसार, राजा कुमार परिवार के प्रमुख सहारा थे. उनकी असमय मौत से परिवार को गहरा आघात पहुंचा है और पूरे गांव में शोक का माहौल है.
