Sitamarhi News: बिहार सरकार के सात निश्चय-3 के तहत शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण बनाने की दिशा में रविवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बेगूसराय से राज्य के 551 सरस्वती विद्या निकेतन (आदर्श विद्यालयों) का वर्चुअल उद्घाटन किया. इनमें सीतामढ़ी जिले के 17 विद्यालय भी शामिल हैं.
इस अवसर पर सरस्वती विद्या निकेतन (एमपी हाई स्कूल) में मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने उद्घाटन समारोह का सीधा प्रसारण देखा.
कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों को मिलेगा लाभ
कार्यक्रम में बताया गया कि सभी प्रखंडों में स्थापित इन विद्यालयों का उद्देश्य कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों को निजी विद्यालयों के समान आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा नि:शुल्क उपलब्ध कराना है.
इस पहल से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के विद्यार्थियों को समान शैक्षणिक अवसर मिलने की उम्मीद जताई गई.
सांसद बोले- शिक्षा के क्षेत्र में ऐतिहासिक पहल
सांसद देवेश चंद्र ठाकुर ने कहा कि यह पहल शिक्षा के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक बदलाव की नींव साबित होगी.
उन्होंने कहा कि आधुनिक सुविधाओं से लैस इन विद्यालयों के माध्यम से जिले के विद्यार्थियों को अपने ही क्षेत्र में बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध होगा.
डीएम ने बताई योजना की विशेषता
डीएम रिची पांडेय ने कहा कि सरस्वती विद्या निकेतन की स्थापना राज्य सरकार की दूरदर्शी सोच का परिणाम है.
उन्होंने कहा कि इन विद्यालयों में आधुनिक संसाधनों के साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे विद्यार्थियों की शैक्षणिक क्षमता, तकनीकी दक्षता और प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता की संभावनाएं मजबूत होंगी.
अधिकारी, शिक्षक और छात्र रहे मौजूद
कार्यक्रम में डीईओ राघवेंद्र मणि त्रिपाठी, सदर एसडीओ आनंद कुमार, स्थापना डीपीओ प्रियदर्शी सौरभ, माध्यमिक शिक्षा डीपीओ नीलम राज, प्रधानाध्यापक बैद्यनाथ बैठा, शिक्षक एस.एन. झा, जितेंद्र माधव, मो. अंजुम रेजा समेत कई अधिकारी, शिक्षक और विद्यार्थी उपस्थित रहे.
