गाढ़ा में सड़क हादसे में बच्चे की मौत, मां समेत नौ जख्मी, दो की हालत गंभीर

सीतामढ़ी-मुजफ्फरपुर एनएच-22 मुख्य पथ स्थित गाढ़ा चौक के समीप रविवार को अज्ञात वाहन की टक्कर में ऑटो सवार एक बच्चे की मौत हो गयी.

सीतामढ़ी/रून्नीसैदपुर. सीतामढ़ी-मुजफ्फरपुर एनएच-22 मुख्य पथ स्थित गाढ़ा चौक के समीप रविवार को अज्ञात वाहन की टक्कर में ऑटो सवार एक बच्चे की मौत हो गयी. वहीं, हादसे में ऑटो में सवार बच्चे की मां समेत परिवार के नौ लोग जख्मी हो गये. इनमें दो की हालत गंभीर बनी हुई है. मृतक की पहचान भुतही थाना क्षेत्र के मधेसरा गांव निवासी दिलीप बैठा के पुत्र भारतेश कुमार(10 वर्ष) के रुप में की गयी है. जख्मी लोगों में मृतक की मां बबीता देवी(30 वर्ष) के अलावा मधेसरा निवासी अजय बैठा(40 वर्ष), उनकी पत्नी सीमा देवी (35 वर्ष), 13 वर्षीय पुत्र अभिषेक कुमार, 17 वर्षीया पुत्री अमृता कुमारी, 15 वर्षीया पुत्री दामिनी कुमारी व 11 वर्षीया पुत्री आरती कुमारी, रून्नीसैदपुर थाना क्षेत्र के बड़ाडीह निवासी गुड्डु बैठा के दो वर्षीया पुत्री सृष्टि कुमारी एवं योगेंद्र ठाकुर के पुत्र राम किशोर ठाकुर शामिल है. इनमें मधेसरा निवासी अजय बैठा एवं पत्नी सीमा देवी की स्थिति नाजुक देख प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने दोनों को एसकेएमसीएच, मुजफ्फरपुर रेफर कर दिया गया है. जबकि साधारण रूप से जख्मी अन्य लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद उनके घर वापस भेज दिया गया. सूचना मिलने पर स्थानीय थाने की पुलिस मौके पर पहुंचकर छानबीन किया. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ऑटो को जब्त कर लिया है. विधायक पंकज कुमार मिश्रा एसकेएमसीएच, मुजफ्फरपुर पहुंचकर चिकित्सकों से जख्मी दंपती का हाल चाल लिया. जानकारी के मुताबिक, बड़ाडीह गांव निवासी श्री बैठा के भतीजा की शादी विगत 20 अप्रैल को संपन्न हुयी थी. इसी शादी समारोह में भाग लेने के लिये श्री बैठा की पुत्री सीमा देवी अपने पति व चार बच्चों के साथ बड़ाडीह आयी थी. सीमा देवी की बहन बबीता देवी भी उस शादी समारोह में भाग लेने अपने पुत्र भारतेश कुमार के साथ आयी थी. शादी समारोह में भाग लेने के बाद सभी बड़ाडीह से एक ऑटो रिजर्व कर अपने घर सोनबरसा व मधेसरा जा रहे थे. इसी क्रम में अज्ञात वाहन की टक्कर से ऑटो दुर्घटनाग्रस्त हो गयी. मालवाहक ट्रक की ठोकर से दुर्घटना की बात कही जा रही है. पुलिस ने सदर अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजन को सौंप दिया. बच्चे की मौत पर परिजन में चीत्कार मची है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: VINAY PANDEY

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >