Sitamarhi News: सुरसंड थाना क्षेत्र के परसा गांव में शनिवार दोपहर पोखर में स्नान करने गए 9 वर्षीय बालक की डूबने से मौत हो गई. मृतक की पहचान वार्ड संख्या-8 निवासी इंद्रजीत कुमार के इकलौते पुत्र दीनानाथ कुमार के रूप में हुई है. हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक का माहौल है.
Sursand News: चार-पांच साथियों के साथ पोखर में नहाने गया था दीनानाथ
ग्रामीणों के अनुसार दीनानाथ कुमार अपने मुहल्ले के चार-पांच बच्चों के साथ गांव स्थित मदन जी पोखर में स्नान करने गया था. इसी दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा.
दीनानाथ को डूबता देखकर उसके साथ गए बच्चों ने शोर मचाना शुरू कर दिया.
बच्चों की आवाज सुन ग्रामीणों ने पोखर में लगाई छलांग
बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे. ग्रामीणों ने बिना देर किए पोखर में छलांग लगाकर बालक को बाहर निकाला.
इसके बाद परिजन दीनानाथ को तत्काल इलाज के लिए चिकित्सक के पास लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सक ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.
इकलौते बेटे की मौत से परिवार में मचा कोहराम
दीनानाथ की मौत की खबर मिलते ही उसके परिवार में चीख-पुकार मच गई. मृतक अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था. अचानक हुई इस घटना से परिजन गहरे सदमे में हैं.
घटना के बाद गांव में भी मातम का माहौल बना हुआ है और ग्रामीण पीड़ित परिवार को ढांढ़स बंधाने में जुटे हैं.
पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर ली जानकारी
पंचायत की मुखिया सह ग्रामीण राजेश कुमार की सूचना पर अपर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार सिंह, पुअनि विनोद कुमार और मोतीउर रहमान पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे.
पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली और आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी की.
पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया शव
कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने दीनानाथ कुमार के शव को पोस्टमार्टम के लिए सीतामढ़ी सदर अस्पताल भेज दिया. पुलिस ने मामले में मृतक के पिता के बयान के आधार पर यूडी केस दर्ज किया है.
सरकारी सहायता की मांग
मुखिया राजेश कुमार ने घटना की जानकारी अंचलाधिकारी सतीश कुमार को देते हुए पीड़ित परिवार को यथाशीघ्र सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है.
यह भी पढ़ें: सीतामढ़ी में राष्ट्रीय खेल दिवस पर एसएसबी के बच्चों का फुटबॉल मुकाबला, विजेता टीम सम्मानित
