बागमती नदी में यात्रियों से भरी नाव पलटी, स्थानीय लोगों ने 40 यात्रियों को ग्रामीणों ने सुरक्षित निकाला

रुन्नीसैदपुर प्रखंड के खड़का घाट पर बागमती नदी में नाव हादसा होते-होते टल गया. करीब 35 यात्रियों से भरी नाव बीच धारा में पलट गई, लेकिन स्थानीय ग्रामीणों ने सभी को सुरक्षित बचा लिया. इस घटना ने नावों में ओवरलोडिंग के खतरे को उजागर किया है.

Sitamarhi News: रुन्नीसैदपुर प्रखंड स्थित बागमती नदी के खड़का घाट पर शनिवार को बड़ा नाव हादसा होते-होते टल गया. करीब 35 से 40 यात्रियों को लेकर नदी पार कर रही नाव बीच धारा में असंतुलित होकर पलट गई. नाव पलटते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और घाट पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. राहत की बात यह रही कि स्थानीय ग्रामीणों और आसपास मौजूद लोगों की तत्परता से सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है.

Runnisaidpur News: बीच धारा में पलटी यात्रियों से भरी नाव

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार खड़का घाट से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग नाव के सहारे बागमती नदी पार करते हैं. शनिवार को भी क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाकर नाव नदी पार कराई जा रही थी. बीच धारा में पहुंचते ही नाव अचानक असंतुलित हो गई और पलट गई. घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें नाव पलटने के बाद यात्री पानी में गिरते दिखाई दे रहे हैं.

ग्रामीणों ने चलाया राहत अभियान

नाव पलटने के बाद कई यात्री पानी में गिर गए, जबकि कुछ लोग नाव पकड़कर खुद को बचाने का प्रयास करने लगे. आसपास मौजूद ग्रामीण और अन्य लोग तुरंत नदी में उतरे और राहत अभियान शुरू किया. काफी मशक्कत के बाद सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया.

ओवरलोडिंग पर उठे सवाल

स्थानीय लोगों का कहना है कि खड़का घाट पर प्रतिदिन क्षमता से अधिक यात्रियों को नाव पर बैठाकर नदी पार कराई जाती है. पर्याप्त और सुरक्षित नाव की व्यवस्था नहीं होने के कारण हर दिन हादसे का खतरा बना रहता है. घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से नावों की नियमित जांच, सुरक्षा मानकों का पालन और ओवरलोडिंग पर सख्ती से रोक लगाने की मांग की है.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

अमिताभ पिछले 17 वर्षों से प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक दोनों माध्यमों में सक्रिय रहे हैं. एक खोजी पत्रकार के रूप में उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई है. भ्रष्टाचार, अपराध एवं जनहित से जुड़े मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ है. वे हमेशा सामाजिक सरोकारों और आम लोगों की समस्याओं को निष्पक्ष, निर्भीक और जनपक्षधर तरीके से उठाने के लिए जाने जाते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >