सीतामढ़ी: नेपाल से मेला देखकर लौट रहे परिवार की स्कॉर्पियो पलटी, महिला की मौत, 6 घायल

नेपाल के गेउरका मलमास मेला से लौट रहे परिवार की स्कॉर्पियो बेला के बथुआरा गांव के पास पलट गई। हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हो गए। पढ़ें पूरी खबर…

बेला (सीतामढ़ी) से रघुनाथ प्रसाद की रिपोर्ट

Sitamarhi News: बेला थाना क्षेत्र के बथुआरा गांव के समीप रविवार को एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई. हादसे में स्कॉर्पियो पर सवार एक महिला की मौत हो गई, जबकि छह अन्य लोग घायल हो गए. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई.

नेपाल के गेउरका मलमास मेला से लौट रहा था परिवार

जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान परिहार थाना क्षेत्र के सिसवा गांव निवासी रामलाल सिंह की 30 वर्षीय पत्नी काजल कुमारी के रूप में हुई है. बताया गया है कि काजल का मायका बेला थाना क्षेत्र के नरगा गांव में है.

रविवार को वह अपने बच्चों और मायके के अन्य परिजनों के साथ स्कॉर्पियो गाड़ी (बीआर 30पी 0815) बुक कर नेपाल के महोत्तरी जिले में आयोजित गेउरका मलमास मेला देखने गई थी. मेला देखकर सभी लोग वापस अपने घर लौट रहे थे.

बथुआरा गांव के समीप अनियंत्रित होकर पलटी स्कॉर्पियो

वापसी के दौरान बथुआरा गांव के समीप स्कॉर्पियो अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क पर पलट गई. हादसा इतना भीषण था कि वाहन में सवार सभी लोग घायल हो गए.

स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया.

इलाज के दौरान महिला ने तोड़ा दम

दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल काजल कुमारी की इलाज के दौरान मौत हो गई. वहीं हादसे में बेला थाना क्षेत्र के नरगा गांव निवासी लीला देवी, विनोद सिंह, निमिया कुमारी, कन्या कुमारी और आयुष कुमार समेत छह लोग घायल हुए हैं.

घायलों का इलाज विभिन्न अस्पतालों में चल रहा है.

चालक फरार, स्कॉर्पियो जब्त कर जांच में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही बेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो को जब्त कर लिया है.

पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, सीतामढ़ी भेज दिया है. बताया जा रहा है कि हादसे के बाद स्कॉर्पियो चालक मौके से फरार हो गया. पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है.

इधर, महिला की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातम का माहौल है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sarfaraz Ahmad

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >