Sitamarhi Crime News: सीतामढ़ी जिले के सुरसंड थाना क्षेत्र के करड़वाना कोरियाही गांव में पुलिस ने मंगलवार की रात गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है. पुलिस ने उत्क्रमित हाईस्कूल के हेडमास्टर प्रभुनाथ सुदामा को पिस्टल भिड़ाकर 50 हजार रुपये रंगदारी मांगने के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे मुख्य आरोपी को उसके घर से सफलतापूर्वक गिरफ्तार कर लिया है.
headmaster extortion case: थानाध्यक्ष और अपर थानाध्यक्ष के नेतृत्व में छापेमारी
सुरसंड थानाध्यक्ष लालकिशोर गुप्ता और अपर थानाध्यक्ष सह इस मामले के अनुसंधानक मुकेश कुमार सिंह के संयुक्त नेतृत्व में यह विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया. पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए स्व. महाभारत सिंह उर्फ श्यामदेव सिंह के पुत्र श्रीराम कुमार को उसके पैतृक आवास से धर दबोचा. कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है.
15 अगस्त को कार्यालय में दी थी धमकी
प्राप्त जानकारी के अनुसार गत 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस पर झंडोतोलन संपन्न होने के बाद हेडमास्टर प्रभुनाथ सुदामा अपने कार्यालय कक्ष में बैठे हुए थे. उसी दौरान आरोपी श्रीराम कुमार वहां पहुंचा और हेडमास्टर को पिस्टल भिड़ाकर 50 हजार रुपये की रंगदारी की मांग की. इस दौरान आरोपी के साथ ग्रामीण रामचंद्र सिंह का पुत्र गणेश सिंह भी स्कूल में मौजूद था.
गाली-गलौज और प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया
रंगदारी मांगने के दौरान दोनों आरोपियों द्वारा हेडमास्टर को भद्दी-भद्दी गालियां भी दी गईं. इस घटना के बाद डरे-सहमे हेडमास्टर ने सुरसंड थाने में लिखित प्राथमिकी दर्ज कराई थी. दर्ज मुकदमे में श्रीराम कुमार और गणेश सिंह के अलावा स्व. रामभजन सिंह के पुत्र संजीत कुमार तथा स्व. मोती राम के पुत्र राजेश राम को भी नामजद अभियुक्त बनाया गया था. पुलिस अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश बना रही है.
यह भी पढ़ें... त्योहारों से पहले रेलवे का बड़ा फैसला, हावड़ा-रक्सौल एक्सप्रेस में जुड़ेगा अतिरिक्त स्लीपर डिब्बा
