कार्रवाई. सुप्पी पुलिस ने मनियारी चौक के पास की छापेमारी
सुप्पी : सहायक थाने की पुलिस ने बुधवार को मनियारी चौक पर चेकिंग के दौरान वैन पर लदा 41 बोतल शराब के साथ तस्कर को गिरफ्तार किया है.
गिरफ्तार सोहन कुमार रीगा थाना क्षेत्र के सिराही गांव का रहनेवाला है. थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार प्रभाकर ने बताया कि वैन की तलाशी के क्रम में 41 बोतल नेपाल में बिक्री योग्य अंगरेजी गोल्डेन ओक बरामद किया गया है. पूछताछ के क्रम में तस्कर ने बताया कि वह नेपाल के रौतहट जिले के ब्रह्मपुरी के रास्ते महिंद्रा वैन (बीआर 06पीसी 3258) पर शराब की खेप लेकर मसहा होकर सीतामढ़ी जा रहा था. वैन को भी जब्त कर लिया गया है. उत्पाद अधिनियम की धारा के तहत प्राथमिकी दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
शराब को किया गया नष्ट: बैरगनिया. डीएम के आदेश पर स्थानीय थाना परिसर में जब्त शराब को नष्ट किया गया. थानाध्यक्ष राजीव कुमार तिवारी ने बताया कि अप्रैल 16 में बरामद शराब को थाना परिसर में नष्ट किया गया है. मामले में छह प्राथमिकी दर्ज हुई थी, जिसमें 229 बोतल अंग्रेजी शराब व 922 बोतल नेपाली सौंफी शराब बरामद किया गया था. मौके पर दंडाधिकारी सह सीओ जगदीश पासवान, दारोगा गुरुदेव प्रसाद सिंह, सहायक दारोगा महेंद्र कुमार, रवींद्रनाथ, राजकुमार हरिजन व गुप्ता प्रसाद सिंह समेत कई सैप व पुलिस बल मौजूद थे.
नौ बोतल शराब के साथ दो कारोबारी गिरफ्तार : सुरसंड.सीमा पर तैनात एसएसबी के जवानों ने भिट्ठा कैंप इंचार्ज हेमंत कुमार के निर्देश पर गश्ती के दौरान बुधवार को दो स्थानों से नौ बोतल नेपाली शराब के साथ दो बाइक सवार कारोबारी को गिरफ्तार कर लिया. एक की पहचान पुपरी थाना क्षेत्र के रामनगर निवासी मुकेश कुमार राय के रूप में हुई है जो अपने गाड़ी नंबर बीआर 32 क्यू-1368 पर सवार होकर नेपाल से तीन बोतल शराब के साथ लौट रहा था, जिसे पिलर संख्या 302/7 के समीप से नवाही कैंप के जवानों ने गिरफ्तार कर लिया. वहीं, दूसरी ओर भिट्ठा कैंप के जवानों ने पुपरी थाना क्षेत्र के डुम्हारपट्टी निवासी लव कुमार को छह बोतल नेपाली शराब के साथ पिलर संख्या 298/1 के समीप से गिरफ्तार किया. वह अपने गाड़ी संख्या बीआर 30 ए-8814 से नेपाल की ओर से शराब लेकर आ रहा था. जवानों ने दोनों आरोपी के साथ हीं जब्त शराब व बाइक को उत्पाद विभाग,सीतामढ़ी के हवाले कर दिया.
युवक गिरफ्तार:सीतामढ़ी . पुनौरा ओपी की पुलिस ने बुधवार को पुनौरा पश्चिमी वार्ड संख्या-पांच से शराब के नशे में हंगामा करते एक युवक को गिरफ्तार किया है. ओपी प्रभारी ज्ञानप्रकाश ने बताया कि पकड़ा गया बिट्टू साह(26 वर्ष) शराब के नशे में लोगों से दुर्व्यवहार कर रहा था. सूचना मिलने पर वह अनि वंशीधर के साथ पहुंच कर तत्काल उसे गिरफ्तार कर लिया. मेडिकल जांच में शराब पीने की पुष्टि हुई है. प्राथमिकी दर्ज करने के उपरांत उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया गया.
