ग्रामीणों की सक्रियता से बची जान

हादसा. मुरादपुर के पास बस के टायर फटने की आवाज के बाद थर्राया इलाका सदर अस्पताल उपाधीक्षक के नेतृत्व में चिकित्सकों की पूरी टीम लगी रही इलाज में सीतामढ़ी : डुमरा थाना क्षेत्र अंतर्गत सीतामढ़ी-मुजफ्फरपुर टू-लेन सड़क का मुरादपुर गांव. मंगलवार की तड़के सुबह तकरीबन साढ़े तीन बजे नानपुर के बाथ बनौली गांव से बरातियों […]

हादसा. मुरादपुर के पास बस के टायर फटने की आवाज के बाद थर्राया इलाका

सदर अस्पताल उपाधीक्षक के नेतृत्व में चिकित्सकों की पूरी टीम लगी रही इलाज में
सीतामढ़ी : डुमरा थाना क्षेत्र अंतर्गत सीतामढ़ी-मुजफ्फरपुर टू-लेन सड़क का मुरादपुर गांव. मंगलवार की तड़के सुबह तकरीबन साढ़े तीन बजे नानपुर के बाथ बनौली गांव से बरातियों को लेकर वापस लौट रहीं बलराम नामक बस के अचानक पलटने के बाद इलाके में कोहराम मच गया.
बस का अगला चक्का अचानक फटने से हुई धमाकों की तेज आवाज ने ग्रामीणों की नींद तोड़ दी. ग्रामीण जब मौके पर पहुंचे तो अफरातफरी का माहौल था. बड़ी संख्या में जख्मी लोग बस में फंसे थे. पंचायत के मुखिया नवेंदु किशोर ने जहां पुलिस-प्रशासन को सूचना दी, वहीं ग्रामीणों के साथ मिलकर राहत व बचाव का काम शुरू किया. मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को पुलिस वाहन में लाद डुमरा पीएचसी व सदर अस्पताल पहुंचाया.
स्वास्थ्य विभाग की टीम भी सक्रिय हो गयी और मौके पर एंबुलेंस गाड़ियां पहुंच कर घायलों को अस्पताल पहुंचाने में सफलता पायी. सदर अस्पताल में उपाधीक्षक डॉ एस अंजुम के नेतृत्व में डॉ केके साहू, डॉ सीबी प्रसाद, डॉ मनोज कुमार व डॉ प्रदीप शरण की टीम ने चिकित्सा कर्मियों के साथ इलाज करना शुरू किया. यहीं वजह है कि इतने बड़े हादसे में किसी की भी जान नहीं गयी.
बिजली कटी थी अन्यथा तस्वीर कुछ और होती: सीतामढ़ी . मुरादपुर में चक्का फटने के बाद जिस तरह यात्रियों से भरी बस बिजली के पोल व तार को तोड़ते हुये पलट गयी, उससे हादसे की तस्वीर कुछ और होती. वजह जिस वक्त बस बिजली के पोल से टकरायी विद्युत आपूर्ति व्यवस्था बंद थी. अगर विद्युत आपूर्ति जारी रहीं होती तो निश्चित रूप से बिजली तार के संपर्क में आने के बाद न केवल बस धूं-धूं कर जलती, बल्कि बस में सवार लोग भी जिंदा जल कर मौत के शिकार बनते. हालांकि हादसे के बाद मुखिया समेत ग्रामीणों ने बिजली विभाग को कॉल कर विद्युत कनेक्शन कटवाया.
घटनास्थल से सदर अस्पताल तक चीख-पुकार: सीतामढ़ी. मंगलवार को मुरादपुर में हुए सड़क हादसे के बाद घटनास्थल से लेकर सदर अस्पताल तक चीख-पुकार मचा रहा. एक ओर जहां घटनास्थल पर जख्मी लोग तड़पते रहे, वहीं डुमरा पीएचसी व सदर अस्पताल में भी इलाज के दौरान घायलों के क्रंदन से इलाका दहलता रहा. सूचना मिलते हीं घायलों के परिजन भी अस्पताल पहुंच गये. हालांकि समय पर इलाज की वजह से सभी घायल बचा लिए गए.
मंगलवार का दिन एक बार फिर हादसों के नाम रहा. हादसों के दौरान जहां तीन मौतें हुई, वहीं 47 लोग जख्मी हो गये. मुरादपुर में जहां बारातियों से भरी बस के पलटने से 39 लोग जख्मी हो गये. वहीं बथनाहा थाना के घोघराहा में बरातियों से भरी टेंपो के पिकअप से हुई टक्कर में रीगा थाना के बुलाकीपुर निवासी राम स्नेही दास नामक 40 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गयी, वहीं छह बराती जख्मी हो गये.
जबकि नानपुर में पिकअप वैन से कुचल कर यदुपट्टी निवासी मंगल साह की मौत हो गयी. सहियारा थाना के कोदरकट में तेज रफ्तार टेंपो की ठोकर से तीन लोग जख्मी हो गये. इनमें बथनाहा थाने के लछुआ निवासी खिलौना बेचने वाली नीलम देवी की मौत हो गयी.
सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस लोगों ने दिखायी तत्परता
मुरादपुर बस हादसे में 39 जख्मी: सीतामढ़ी . सहियारा थाना के मटियार कला से नानपुर थाना के बाथ बनौली गांव में सोमवार की शाम बरात गयी थी. शादी समारोह में भाग लेने के बाद बराती उक्त बस पर सवार होकर मंगलवार की सुबह मटियार कला लौट रहे थे. इसी बीच मुरादपुर के पास बस का चक्का फट गया. जिससे बस बिजली पोल को तोड़ते हुए सड़क के किनारे पलट गयी. हादसा इतना बड़ा था की बस की सीटें टूट कर आगे के सीसे को पार करते हुए बाहर निकल गयी.
इस हादसे में जख्मी सहियारा थाना के मटियारकला निवासी राकेश कुमार (16वर्ष), गौतम कुमार (12 वर्ष), चुलारचंद महतो (18 वर्ष), गणेश कुमार (22 वर्ष), अभिषेक कुमार (13 वर्ष), नवल महतो (40 वर्ष), अरविंद कुमार (21 वर्ष), जंगली महतो (14 वर्ष), जितेंद्र महतो (10 वर्ष), बाल किशोर महतो (8 वर्ष), इंद्रजीत कुमार (21वर्ष), देवनाथ महतो (25 वर्ष), राज नारायण प्रसाद (40 वर्ष), सुनील कुमार (20 वर्ष), राम बाबू महतो (22 वर्ष), किशोरी कुमार (25 वर्ष), पाली दास (60 वर्ष)
अशोक महतो (30 वर्ष), भूटा राउत (45 वर्ष), राज नारायण महतो (30 वर्ष), अच्छे लाल महतो (72 वर्ष), रामाकांत कुमार (24वर्ष) का सदर अस्पताल में इलाज जारी है. वहीं घटना में जख्मी जितेंद्र कुमार, सनुज महतो, लक्ष्मी महतो, सूरज कुमार, उपेंद्र महतो, विपिन कुमार, बाल किशन का इलाज डुमरा पीएचसी में जारी है. जबकि राजवंशी महतो, रामानंदन कुमार, रामा कुमार, शंभु महतो, उदय कुमार, राम बाबू महतो, बल्ली दास, स्नेही महतो, नवल महतो व उदय महतो समेत दस को एसकेएमसीएच रेफर कर दिया गया है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >