पुनौरा धाम में जारी तुलसी पीठाधीश्वर स्वामी रामभद्राचार्य के दस दिवसीय राम कथा में लेंगे भाग
सीतामढ़ी : जानकी नवमी से एक दिन पहले बुधवार को सूबे के राज्यपाल महामहिम रामनाथ कोविंद माता सीता की जन्मस्थली सीतामढ़ी में एक दिवसीय दौरे पर होंगे.
राज्यपाल श्री कोविंद माता जानकी की जन्मस्थली सीतामढ़ी शहर से सटे पुनौरा धाम व जानकी स्थान समेत इलाके के विभिन्न धार्मिक स्थलों का भ्रमण करेंगे. साथ ही पूजन-अर्चन भी करेंगे. बुधवार को श्री कोविंद पुनौरा धाम में जारी तुलसी पीठाधीश्वर स्वामी रामभद्राचार्य जी महाराज के श्री राम कथा में भी शरीक होंगे. इसके पूर्व राज्यपाल पुनौरा धाम में स्वामी रामभद्राचार्य के साथ तकरीबन आधे घंटे का वक्त गुजारेंगे. बुधवार की सुबह 10 बजे राज्यपाल पटना से हेलीकॉप्टर से सीतामढ़ी के लिए रवाना होंगे.
10.45 बजे राज्यपाल का हेलीकॉप्टर जिला मुख्यालय डुमरा के हवाई अड्डा मैदान में उतरेगा. जहां जवानों द्वारा उन्हें सम्मान गारद व सलामी दी जायेगी. डुमरा हैलीपैड से प्रशासनिक सुरक्षा व्यवस्था के बीच उन्हें सड़क मार्ग से डुमरा रोड स्थित आइबी में ले जाया जायेगा. आइबी में विश्राम के बाद राज्यपाल 11.20 बजे सड़क मार्ग से पुनौरा धाम के लिए रवाना होंगे.
एक बजे वे पुनौरा धाम से सड़क मार्ग से हीं आइबी वापस लौटेंगे. जबकि तीन बजे एक बार फिर आइबी से पुनौरा धाम रवाना होंगे. जहां रामकथा में शामिल होंगे. 3.45 बजे राज्यपाल पुनौरा धाम से सड़क मार्ग से डुमरा हवाई अड्डा मैदान पहुंचेंगे. जहां से चार बजे हेलीकॉप्टर से पटना रवाना होंगे. राज्यपाल के बुधवार के इस दौरे को लेकर प्रशासनिक तैयारी पूरी कर ली गयी है.
डीएम राजीव रौशन व एसपी हरि प्रसाथ एस ने संयुक्त रूप से राज्यपाल के कार्यक्रम को लेकर बड़ी संख्या में दंडाधिकारी व अधिकारियों की तैनाती कर दी है. राज्यपाल के दौरे को लेकर रूट तय किया गया है.
साथ ही तमाम रूटों पर वरीय अधिकारी व सशस्त्र बल प्रतिनियुक्त किये गये है. इसके अलावा अग्निश्मन, मेडिकल, बम निरोधक दस्ता व श्वान दस्ते की भी तैनाती की गयी है. बताते चले की चार मई को माता जानकी का जन्मोत्सव है. इसके तहत 27 अप्रैल से पुनौरा धाम में 10 दिवसीय श्रीराम कथा का आयोजन जारी है. जिसमें तुलसी पीठाधीश्वर स्वामी रामभद्राचार्य जी महाराज के श्रीमुख से राम कथा का वाचन जारी है. इसके मद्देनजर महामहिम बुधवार को सीतामढ़ी पहुंच रहे है.
एक नजर : राज्यपाल के कार्यक्रम पर
10.45 बजे : डुमरा हवाई अड्डा मैदान में हेलीकॉप्टर से आगमन.
10.55 बजे : परिसदन के लिए रवानगी
11.20 बजे : परिसदन से पुनौरा धाम के लिए होंगे रवाना.
11.35 बजे : पुनौरा धाम समेत अन्य मंदिरों का भ्रमण.
12.30 बजे : पुनौरा धाम में तुलसी पीठाधीश्वर स्वामी रामभद्राचार्य से करेंगे मुलाकात.
1.00 बजे : पुनौरा धाम से आइबी के लिए होंगे रवाना.
1.15 बजे : आइबी में पहुंचेंगे राज्यपाल.
3.00 बजे : भोजन के बाद परिसदन से पुनौरा धाम के लिए होंगे रवाना.
3.15 बजे : पुनौरा धाम में राम कथा में होंगे शामिल.
3.45 बजे : डुमरा हवाई अड्डा मैदान के लिए होंगे रवाना.
4.05 बजे : डुमरा हवाई अड्डा मैदान से पटना के लिए होंगे रवाना.
