घटना. डीएम आवास के पास दुकान में लगी भीषण आग
डुमरा : जिला मुख्यालय डुमरा के कुमार चौक डीएम कोठी से सटे गीता भवन परिसर स्थित कैलाश मोबाइल नामक दुकान में शुक्रवार की रात तकरीबन दो बजे अचानक लगी आग में मोबाइल, फ्रीज, मोबाइल वाउचर, चार्जर, सिम, पंखा व कोल्ड ड्रिंक्स समेत लाखों की संपत्ति जल कर राख हो गयी.
गीता भवन परिसर में रह रहे छात्रों की टीम ने नाले से पानी लेकर जैसे-तैसे आग पर काबू पाया. तब तक आग में सब कुछ जल कर राख हो गया था. जब तक पुलिस व अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंचती आग ने अपना काम तमाम कर दिया था. हालांकि छात्रों ने आग बुझा कर आस पास के दुकानों को जलने से बचा लिया. बताया जा रहा है कि बिजली के शॉर्ट सर्किट से आग लगी है. बताते चले की बड़ी बाजार निवासी कैलाश कुमार ने गीता भवन परिसर में कैलाश मोबाइल नामक दुकान खोल रखी है.
इस दुकान में मोबाइल, वाउचर व चार्जर की बिक्री के अलावा कोल्ड ड्रिंक्स भी बेची जाती थी. शुक्रवार की शाम कैलाश अपनी दुकान बंद कर घर चला गया. देर रात आग की उठती लपटों से मकान मालिक डॉ आनंद प्रकाश वर्मा की नींद टूटी. उन्होंने दुकान को जलते देख फायर बिग्रेड व थाने को कॉल किया. लेकिन किसी ने फोन नहीं उठाया. इसके बाद डॉ वर्मा ने डीएम आवास पहुंच कर शोर मचाया.
इधर, गीता भवन में रहने वाले छात्रों ने नाले से पानी निकाल आग पर काबू पाने की कोशिश जारी रखी. इसके बाद डीएम खुद मौके पर पहुंच गये. डीएम के कॉल करने पर फायर बिग्रेड व पुलिस की टीम पहुंची. तब तक आग पर काबू पाया जा चुका है. अगलगी की इस घटना के बाद कैलाश कुमार के समक्ष आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है.
मुख्यालय डुमरा के डीएम आवास के पास गीता भवन परिसर स्थित कैलाश मोबाइल नामक दुकान में लगी आग
मोबाइल व कोल्ड ड्रिंक्स की दुकान में बिजली के शार्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
मोबाइल, पंखा, वाउचर, चार्जर व फ्रीज समेत लाखों की संपत्ति जली
