अधिकारियों के साथ बैठक कर की विकास कार्यों की समीक्षा
डुमरा : जिला प्रशासन व यूनिसेफ द्वारा निर्मित पर्यावरण संरक्षण पर आधारित सेनिटेशन पार्क शुक्रवार को आम जनता को समर्पित कर दिया गया. जिला मुख्यालय डुमरा के समाहरणालय से सटे उक्त सेनिटेशन पार्क में पहुंच कर प्रमंडलीय आयुक्त अतुल प्रसाद ने इसका विधिवत उद्घाटन किया.
इस अवसर पर आयुक्त ने डीएम राजीव रौशन के साथ पार्क स्थित झील में मछलियों को दाना डाला. साथ ही पार्क के विभिन्न हिस्सों का जायजा लिया. आयुक्त ने पार्क में लगाये गये शौचालय के विभिन्न मॉडलों का भी अवलोकन किया. इसके तहत ओडीएफ के तहत निर्मित शौचालय मॉडल, दो सोख्ता वाले गड्ढ़ा वाले शौचालय, शौचालय सह स्नानागार, अनुप्रस्थ काट शौचालय, दिव्यांगों के लिए निर्मित शौचालय, उन्नत सेप्टिक टैंक शौचालय, जल रहित मूत्रालय, बायो डायजेस्टर, बायो गैस शौचालय, कंपोस्टर व ईकोसैन आदि मॉडल की सराहना की. उन्होंने पार्क को अदभूत बताते हुए डीएम की पहल की सराहना की.
जल स्वच्छता समिति कार्यालय का भी किया उद्घाटन: इस दौरान आयुक्त ने सेनिटेशन पार्क में ही जिला जल स्वच्छता समिति के कार्यालय का उद्घाटन किया. मौके पर डीएम राजीव रौशन के अलावा सीएफओ असदूर रहमान, प्रवीण मोर, एसी जेके द्विवेदी, शशि भूषण पांडेय, रोहित कुमार व प्रदीप कुमार समेत तमाम अधिकारी मौजूद थे.
सीतामढ़ी पहुंचे आयुक्त ने समाहरणालय में अधिकारियों के साथ बैठक कर विभिन्न विकास योजनाओं की समीक्षा की. आयुक्त ने शिक्षा, स्वास्थ्य, विद्युत, कृषि व दाखिल खारिज से संबंधित योजनाओं की समीक्षा कर अधिकारियों को कई निर्देश दिया. आयुक्त ने अधिकारियों को दाखिल खारिज के नये दिशा निर्देश से अवगत कराया. वहीं ओडीएफ की भी समीक्षा की. देर शाम तक आयुक्त की अधिकारियों के साथ बैठक जारी रहीं.
