सीतामढ़ी : नगर के मिरचाईपट्टी मुहल्ले में दहेज की मांग पूरी नहीं करने पर ससुराल वालों ने एक विवाहिता को जला कर मार डाला. गंभीर अवस्था में इलाज के लिए उसे पटना के निजी अस्पताल में भरती कराया गया था, जहां इलाज के क्रम में 23 मार्च को उसकी मौत हो गयी.
पटना के कदमकुआं थाने की पुलिस ने मृतका पूजा कुमारी की मां सुनीता देवी का बयान दर्ज किया है. उक्त बयान के आधार पर रविवार की शाम नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गयी.
प्राथमिकी में मृतका के पति धनंजय कुमार उर्फ मुकेश कुमार, सास बिंदा देवी, जेठ साकेश कुमार एवं जेठानी कंचन देवी को आरोपित किया है. जानकारी के अनुसार, नगर थाना के राघोपुर बखरी गांव निवासी चंद्रशेखर प्रसाद की पुत्री पूजा की शादी 22 जून 2014 को नगर के मिरचाईपट्टी वार्ड संख्या-नौ निवासी शिवशंकर प्रसाद के पुत्र धनंजय कुमार उर्फ मुकेश कुमार के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुआ था. शादी के बाद पूजा ने एक पुत्री को जन्म दिया था. फिलहाल वह चार माह की गर्भवती थी. दहेज में मोटी रकम की मांग पूरी नहीं करने पर आरोपितों ने 28 फरवरी की संध्या शरीर में आग लगा दिया. इलाज के क्रम में पटना में उसने दम तोड़ दिया. नगर थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है.
नगर के मिरचाईपट्टी मुहल्ले की घटना
इलाज के क्रम में पटना में हुई मौत
मृतका की मां के बयान पर प्राथमिकी दर्ज
