सीतामढ़ी : शहर के बैंक समेत सार्वजनिक स्थान अपराधियों के निशाने पर है. अपराधियों द्वारा किसी बड़े वारदात को अंजाम देने की सूचना के बाद पुलिस प्रशासन एक्शन में है. इस क्रम में पिछले तीन दिनों से एसपी के आदेश पर जिले में पुलिस की टीम लगातार छापेमारी कर रहीं है.
दो दिन पूर्व डीएसपी सदर के नेतृत्व में रात भर शहर के आवासीय होटलों में अपराधियों की तलाश में कई थानों की पुलिस ने छापेमारी की थी. हालांकि इस दौरान कोई बड़ा अपराधी नहीं पकड़ा जा सका. लेकिन तीन पियक्कड़ पकड़े गये. वहीं कई महिलाओं को भगा दिया गया था. जबकि सोमवार को पूरे दिन सीतामढ़ी शहर समेत पूरे जिले में सघन वाहन तलाशी अभियान चलाया गया. इस दौरान सैकड़ों वाहन जब्त किये गये. वहीं कुछ वाहनों को जुर्माना वसूल मुक्त कर दिया गया. साथ ही विभिन्न बैंक शाखाओं में भी सघन जांच की गयी.
बैंकों की हुई जांच, संदिग्धों से पूछताछ: सीतामढ़ी. अपराधियों द्वारा वारदात को अंजाम देने की आशंका के मद्देनजर एसपी हरि प्रसाथ एस के निर्देश पर नगर थानाध्यक्ष विशाल आनंद के नेतृत्व में पुलिस की टीम ने शहर के विभिन्न बैंक शाखाओं में पहुंच कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया. इस दौरान पुलिस ने संदिग्धों से पूछताछ भी की.
शहर के एसबीआइ, बैंक ऑफ बड़ौदा, बैंक ऑफ इंडिया व केनरा बैंक समेत कई बैंक शाखाओं में पहुंच कर मामले की जांच की. इस दौरान बगैर काम बैंक में घुसे लोगों की क्लास भी लगायी गयी.
वाहन तलाशी अभियान से अफरातफरी: सीतामढ़ी. एसपी के निर्देश पर पूरे जिले में वाहन तलाशी अभियान चलाया गया इससे इलाके में हड़कंप मचा रहा. वहीं लोग भागते नजर आये. नगर थाना पुलिस ने शहर के रीगा रोड, मेन रोड, थाना रोड, अस्पताल रोड, रीगा रोड, बाइपास चौक, कारगिल चौक, पासवान चौक व डुमरा रोड समेत विभिन्न स्थानों पर अभियान चला कर बड़ी संख्या में बाइक जब्त की. नगर थाना पुलिस ने तकरीबन 30 बाइक जब्त की. जिनसे तीन हजार रुपये जुर्माना वसूला गया. जबकि मेहसौल ओपी पुलिस ने जब्त वाहन से बतौर जुर्माना 15 हजार रुपये वसूले. वहीं पुनौरा ओपी द्वारा सात हजार रुपये की वसूली की गयी. पूरे जिले में चलाये गये अभियान में एक लाख चार हजार 400 रुपये वसूले गये.
एसपी के निर्देश पर नगर थाना पुलिस ने शहर के तमाम बैंकों का किया निरीक्षण
शहर समेत पूरे जिले में चला सघन वाहन तलाशी अभियान
थाना जुर्माना
नगर थाना तीन हजार
मेहसौल ओपी 15 हजार
पुनौरा ओपी सात हजार
डुमरा थाना 4.5 हजार
रीगा 4.2 हजार
बथनाहा 2.4 हजार
पुपरी 12.5 हजार
मेजरगंज छह हजार
कन्हौली 4.5 हजार
महिंदवारा ओपी सात हजार
सहियारा 5.5 हजार
बेला 1.5 हजार
नानपुर 5.5 हजार
बेलसंड 5.5 हजार
सुरसंड : तीन हजार
परसौनी : दो हजार
रून्नीसैदपुर: पांच हजार
बैरगनिया : पांच हजार
