बेलसंड पुलिस की अलग-अलग कार्रवाई
शराब के नशे में धुत थे गिरफ्तार बुलेट सवार
भूंसा में छिपा कर कारोबारी ने रखी थीं शराब की बोतलें
बेलसंड : स्थानीय थाने की पुलिस ने शनिवार की रात अलग-अलग कार्रवाई में कुल 36 बोतल हरियाणा में बिक्री योग्य अंगरेजी शराब बरामद किया है. इस दौरान दो कारोबारी के अलावा शराब के नशे में धुत बुलेट सवार दो व्यक्ति को भी गिरफ्तार कर लिया.
पकड़े गये कारोबारी में मनोज साह, नारायण महतो पचनौर का तथा लाल साह एवं झुन्ना सिंह चंदौली गांव का रहनेवाला है. शराबियों की बुलेट बाइक भी जब्त की गयी है.
थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार पासवान ने रविवार को इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि रात्रि गश्ती के क्रम में गुप्त सूचना मिली थी कि शराब के धंधे में लिप्त पचनौर गांव निवासी मनोज साह पिता हरिश्चंद्र साह भारी मात्रा में शराब का खेप लेकर आने वाला है. यह भी सूचना थी कि उसके द्वारा भारी मात्रा में शराब लाकर गांव के हीं नारायण महतो पिता डुल्ली महतो के भूंसा घर में छिपा कर रखा गया है. सूचना पर तत्काल भूंसा घर की घेराबंदी कर तलाशी ली गयी.
छापेमारी से बचने के लिए भूंसा घर के फाटक को बाहर से लॉक किया गया था. तलाशी के दौरान 750 एमएल का पांच बोतल रॉयल स्टेग तथा 180 एमएल का 30 बोतल बरामद किया गया. गिरफ्तार मनोज के विरुद्ध थाने में प्राथमिकी कांड संख्या-5/17 भी दर्ज है. वह शराब के साथ पूर्व में भी पकड़ा जा चुका है. वहीं गश्ती के क्रम में चंदौली-पचनौर रोड में भरवारी टोला ब्रह्मस्थान के समीप बुलेट सवार दो व्यक्ति को शराब के नशे में पकड़ा गया. जिसकी पहचान लाल साह एवं झुन्ना सिंह के रुप में की गयी. झुन्ना के पास से 375 एमएल का एक बोतल रॉयल स्टेग बरामद किया गया. कार्रवाई में थानाध्यक्ष के साथ अनि अभयनंदन कुमार, सुनील कुमार श्रीवास्तव पुलिस बल के साथ शामिल थे.
