रून्नीसैदपुर : थाना क्षेत्र के तिलकताजपुर गांव के वार्ड 9 में सोमवार की सुबह खाना बनाने के क्रम में रसोई गैस सिलेंडर फटने से लगी आग में पांच परिवारों का घर समेत सर्वस्व जल कर राख हो गया.
अगलगी की इस घटना में गंगिया देवी, बिंदेश्वर मांझी, लक्ष्मण मांझी, शंभु मांझी व ललन मांझी के तकरीबन तीन लाख की संपत्ति को नुकसान पहुंचा है. इन गरीबों का अन्न, वस्त्र, नगद, उपस्कर, जेवरात व घर समेत सब कुछ जल गया है. सभी लोग अब खुले आसमान के नीचे आ गये है. सबसे अधिक परेशानी विधवा गंगिया देवी को उठानी पड़ रहीं है. वजह 8 अप्रैल को गंगिया देवी के पुत्र रमेश मांझी व 12 मई को उसकी बेटी फुलमंती कुमारी की शादी होनी है.
वह पुत्र-पुत्री की शादी की तैयारी में लगी थी. महत्वपूर्ण सामग्री की खरीद के साथ घर में नगद पचास हजार रुपये भी रखे थे. नगद व शादी के तमाम समान जलकर खाक हो गये. इस घटना के बाद उसके परिवार में कोहराम मच गया है. इधर, पंचायत के मुखिया मिंदर साह ने बस्ती में पहुंच कर अग्निपीड़ित परिवारों को अपने निजी कोष से तिरपाल, चुरा, चीनी व प्रति परिवार बीस किलो चावल प्रदान किया. जबकि प्रशासन की ओर से तत्काल पांचों पीड़ितों को तीन हजार रुपये नगद व पोलिथिन प्रदान किया गया है.
बताया गया है कि गंगिया देवी अपने घर में रसोई गैस पर खाना बनाने जा रही थी, इसी क्रम में गैस सिलेंडर अचानक फट गया. वहीं घर में आग लग गयी. ग्रामीण जब तक आग पर काबू पाते आग ने पांच अन्य घरों को भी अपनी चपेट में ले लिया.
