डुमरा कोर्ट : गत दिन जालसाजी के मामले में अधिवक्ता मधुशंकर सिंह की गिरफ्तारी को लेकर जिला बार एसोसिएशन में आक्रोश का माहौल बना हुआ है.
अधिवक्ता श्री सिंह की गिरफ्तारी गैर कानूनी बतायी जा रही है. इसके विरोध में मंगलवार को जिला बार एसोसिएशन के सभाकक्ष में अध्यक्ष जयदेव झा की अध्यक्षता में एक आपात बैठक हुई. बैठक में मुख्य रूप से तीन प्रस्ताव लाये गये, जिसमें गिरफ्तारी को गलत बताने के साथ ही जिले के सभी अधिवक्ता व अधिवक्ता लिपिकों से बुधवार को न्यायिक कार्य से अपने आप को अलग रखने का निर्णय लिया गया. बैठक में अधिवक्ताओं ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें धारा 41 का लाभ क्यों नहीं दिया गया?
अधिवक्ता मधुशंकर सिंह को कारागार में प्रथम श्रेणी की सुविधा देने की मांग की गयी. मौके पर एसोसिएशन के सचिव आशुतोष कुमार वर्मा, अधिवक्ता अमर कुमार मिश्रा, दयाशंकर, मुकेश तिवारी, रामबाबू राय, समीर तेजस्वी व देव कुमार समेत अन्य मौजूद थे.
