सीतामढ़ी : संयुक्त किसान मोरचा ने सीएम को पत्र भेज रीगा चीनी मिल क्षेत्र के गन्ना किसानों के बकाये का भुगतान कराने की मांग की है.
मोरचा के संरक्षक डॉ आनंद किशोर, अध्यक्ष रामतपन सिंह व कार्यकारी अध्यक्ष शंकर मंडल ने संयुक्त रूप से सीएम को एक पत्र भेजा है. बताया है कि 40 हजार गन्ना किसानों का मिल प्रबंधन के यहां गन्ना का करीब 60 करोड़ बकाया है. पेराई सत्र समाप्त हो चुका है. एक अरब का गन्ना का पेराई कर मिल के सीएमडी कोलकत्ता में है.
इधर, होली व शादी-विवाह के मौके पर भुगतान के लिये किसान मिल में दर-दर की खा छान रहे है. उनकी कोई सुनने वाला नहीं है. कानूनन अब तक शत-प्रतिशत भुगतान हो जाना चाहिए था. पत्र में बताया गया हैं कि वर्ष 2012-13 से 2014-15 तक का भी 50 लाख रुपया पांच हजार किसानों का बकाया है. बैंक खाता नहीं होने के कारण भुगतान लटका हुआ था. अब खाता खुल जाने के बाद भी मिल प्रबंधन द्वारा भुगतान नहीं किया जा रहा है.
इन्हीं कारणों से किसान धीरे-धीरे गन्ना की खेती छोड़ रहे है. कभी 60 लाख क्विंटल गन्ना की पेराई करने वाला यह मिल अब 32 लाख क्विंटल पर सिमट गया है.
