वारदात. डुमरा रोड में शांतिनगर मोहल्ले की घटना
सीतामढ़ी : डुमरा रोड स्थित शांतिनगर मोहल्ले में सातवीं की छात्रा ने पंखे से फांसी लगा कर आत्महत्या कर ली. उसकी पहचान सुरसंड थाने के कुम्मा पिपराढ़ी निवासी लालू राय की पुत्री बिपाशा प्रिया (14) के रूप में की गयी है.
घटना की सूचना के बाद शुक्रवार की आधी रात डीएसपी सदर कुमार वीर धीरेंद्र, नगर थानाध्यक्ष विशाल आनंद, मेहसौल ओपी प्रभारी मो औरंगजेब आलम व पुनौरा ओपी प्रभारी लालबाबू कुमार सशस्त्र बल के साथ मौके पर पहुंचे. मामले की जांच की. वहीं शव को पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया. शनिवार को पुलिस ने पोस्टमार्टम करा परिजनों को शव सौंप दिया.
मृतका के पिता लालू राय ने थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी है. इसमें मकान मालिक शांतिनगर निवासी अवधेश चौधरी, पत्नी श्यामा चौधरी तथा उसकी मां समेत तीन को आरोपित किया है. दर्ज प्राथमिकी में बताया गया है कि बिपाशा हेलेंस स्कूल की छात्रा थी.
वह अपने दो छोटे भाइयों के साथ शांतिनगर मोहल्ला स्थित अवधेश चौधरी के मकान में बतौर किरायेदार रहती थी. बिपाशा गीत, संगीत व नृत्य में दक्ष थी. जिला स्तर पर आयोजित कई सरकारी कार्यक्रमों में भाग लेकर सम्मानित हो चुकी है. गायिकी के क्षेत्र में वह स्कूल टॉपर थी. एसडीओ के कहने पर हेलेंस स्कूल संचालक द्वारा उसे मुफ्त शिक्षा दी जा रही थी.
पिता ने बताया कि शुक्रवार को वह सीतामढ़ी आये थे. बेटी के लिए तबला खरीदा था. इस दौरान बिपाशा, पुत्र सत्यम, (8) व शिवम (10) ने बताया था कि स्कूल का टिफिन बॉक्स नहीं खुल रहा था. जिसे नल पर पटक कर खोलने का प्रयास किया था. इससे नाराज मकान मालिक ने गाली-गलौज करते हुए मकान खाली कराने की धमकी दी थी. इससे बिपाशा मानसिक रूप से परेशान हो गयी थी.
प्राथमिकी में मानसिक उत्पीड़न के चलते आत्महत्या की बात कहीं गयी है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. हालांकि मामूली बात पर आत्महत्या करने को लेकर चर्चाओं का बाजार गरम है.
