बथनाहा थाना क्षेत्र के भटौलिया गांव की घटना
बैंड पार्टी के सदस्य सामंत राम के पेट में
लगी गोली
सीतामढ़ी : जिले के बथनाहा थाना क्षेत्र के भटौलिया गांव में बुधवार की रात्रि शादी के दौरान बरात में की गयी फायरिंग में बैंड पार्टी का एक कर्मी गंभीर रूप से जख्मी हो गया.
गंभीर रूप से जख्मी शहर के विनाका बैंड पार्टी के कर्मी सामंत राम को इलाज के लिए शहर के एक निजी नर्सिंग होम में भरती कराया गया है. जानकारी के अनुसार स्थानीय सकलदेव भगत की पुत्री मेनका कुमारी की शादी सोनबरसा थाना क्षेत्र के भुतही गांव निवासी भोला महतो के पुत्र धर्मेंद्र कुमार से तय था. भुतही से बरात निकली. वर पक्ष की ओर से शहर के मेला रोड स्थित विनाका बैंड पार्टी को बुलाया गया था. बैंड पार्टी के कर्मी बरात के साथ भटौलिया पहुंचा था.
रश्म के दौरान वर पक्ष के कुछ लोगों द्वारा फायरिंग की गयी, जिसकी एक गोली बैंड पार्टी कर्मी सामंत राम की पेट में जा लगी. गोली लगते ही बैंड पार्टी के सदस्यों के साथ-साथ पूरे गांव में अफरातफरी मच गयी. ग्रामीणों की मदद से गंभीर रूप से जख्मी सामंत राम को इलाज के लिए शहर स्थित एक निजी नर्सिंग होम में भरती कराया गया, जहां चिकित्सकों द्वारा कड़ी मशक्कत के बाद ऑपरेशन के जरिये गोली निकाली गयी. जख्मी सामंत राम अब खतरे से बाहर बताया जा रहा है. खास बात यह कि घटना के 12 घंटे बाद भी पुलिस को घटना की सूचना नहीं मिल सकी थी. सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की छानबीन में जुट गयी थी.
