बथनाहा थाना क्षेत्र के घोघराहा गांव की घटना
पत्नी व बेटी को लेकर घर लौट रहा था राजीव
सीतामढ़ी : बथनाहा थाना क्षेत्र के घोघराहा गांव स्थित ससुराल से पत्नी व दिव्यांग बेटी को लेकर लौट रहे एक युवक की असामाजिक तत्वों ने चाकू से गोद-गोद कर हत्या कर दी. राजीव कुमार सिंह (34) जिले के परिहार थाना क्षेत्र के सिसौटिया गांव निवासी स्वयंवर सिंह का पुत्र था.
घटना की सूचना मिलने पर सहियारा व बथनाहा थानाध्यक्ष राकेश कुमार व संतोष कुमार शर्मा दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंच कर जांच-पड़ताल की. सूचना मिलने पर ससुरालवालों ने घटनास्थल पर पहुंच कर खून से लथपथ राजीव को सदर अस्पताल ले गये, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. दिनदहाड़े हत्याकांड की जानकारी मिलने पर सदर डीएसपी कुमार वीर धीरेंद्र भी सदर अस्पताल पहुंच कर परिजनों से पूछताछ की.
पत्नी व बेटी के सामने ली राजीव की जान: हत्या की घटना को लेकर राजीव कुमार सिंह की पत्नी विभा देवी के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर घोघराहा गांव निवासी मधु कुमार उर्फ मकसूदन यादव, मिंटू यादव, सियाराम यादव, बाबूनंदन यादव, मुरारी यादव व प्रमोद यादव को आरोपित किया गया है. पीड़िता ने अपने बयान में बताया है कि उसका पति दो-तीन दिन पूर्व अपनी दिव्यांग चार वर्षीय पुत्री सिमरन को लेकर घोघराहा आये थे. गुरुवार की सुबह वह अपने पति व बेटी के साथ घर लौटने के लिए एनएच-77 स्थित बस पड़ाव पर बस का इंतजार कर रही थी.
इसी बीच सभी आरोपित बस पड़ाव पर आकर ताबड़तोड़ उसके पति पर चाकू के वार करने लगे. वह बदहवास होकर शोर मचाते हुए अपने परिवारवालों को बुलाने लगी. जब तक उसके भाई, चाचा व अन्य ग्रामीण घटना स्थल पर पहुंचे, तब तक सभी आरोपित फरार हो चुके थे. बताया गया है कि दो साल पूर्व उसके पति घोघराहा आये थे. होली के दिन आरोपित मकसूदन यादव को कीचड़ से होली खेलने का विरोध करने को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था.
