सीतामढ़ी/रीगा : नगर थाने की पुलिस ने बुधवार को हुसैना गांव में छापेमारी कर चोरी गयी दो भैंस के साथ मवेशी चोर को गिरफ्तार कर लिया. नगर थानाध्यक्ष विशाल आनंद ने बताया कि पकड़ा गया नूर मोहम्मद शाह रीगा थाना क्षेत्र के कुसमारी गांव का रहनेवाला है. इस संबंध में भैंस मालिक पंछोर गांव निवासी बाबूलाल साह ने रीगा थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी थी. पूछताछ के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
चोरी मामले में गिरफ्तार
सुरसंड . स्थानीय थाने की पुलिस ने बुधवार को भैंस चोरी मामले में सुरेंद्र महतो को गिरफ्तार कर लिया. थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि पकड़ा गया व्यक्ति परिहार थाना क्षेत्र के बराही गांव का रहनेवाला है. चोरी में उसकी पिकअप वैन का इस्तेमाल किया गया था. मालूम हो कि सुरसंड बूढ़ा पोखर निवासी कुलदेव ठाकुर ने 27 फरवरी को प्राथमिकी दर्ज करायी थी. जिसमें सुरेंद्र महतो के अलावा बनौली गांव निवासी सुभाष कुमार एवं भिट्ठा गांव निवासी संजीव साह को आरोपित किया है. प्राथमिकी में बताया है कि उसकी दो भैंस दरवाजे से चोरी हो गयी. छापेमारी में थानाध्यक्ष के साथ अवर निरीक्षक राम स्वार्थ पासवान भी शामिल थे.
