प्रेम विवाह की बात छिपायी
सीतामढ़ी के एक प्रतिष्ठित स्कूल में शारीरिक शिक्षक के पद पर तैनात हैं रंजना, 29 दिसंबर से गायब
स्कूल प्रशासन द्वारा लगातार कोशिश करने के बावजूद नहीं हो सका रंजना से संपर्क
मुख्यालय डुमरा के विश्वनाथपुर में किराये पर मकान लेकर रहती थीं
भागलपुर में हुई अंतरराष्ट्रीय तैराक सह सचिवालय कर्मी विनोद कुमार सिंह की हत्या में रंजना का नाम आने के बाद सकते में हैं सहकर्मी
रंजना के स्कूल के प्राचार्य से मंगलवार को सचिवालय पटना से अधिकारियों ने की बात
सीतामढ़ी : अंतरराष्ट्रीय तैराक सह सचिवालय कर्मी विनोद कुमार सिंह की प्रेम-प्रसंग में हत्या होने व हत्या के पीछे उनकी प्रेमिका रंजना का हाथ होने के तथाकथित खुलासे के बाद मंगलवार को सीतामढ़ी जिला भी सुर्खियों में रहा. इसके केंद्र में मुख्यालय डुमरा का एक प्रतष्ठित स्कूल रहा, जहां विनोद कुमार सिंह की प्रेमिका रंजना बतौर पीटी टीचर तैनात है. हालांकि, रंजना बगैर सूचना स्कूल से गायब है.
रंजना मूल रूप से भागलपुर जिले के लोदी थाना के कोट गांव निवासी वकील मंडल की पुत्री है. जो पिछले कुछ महीने से डुमरा के एक स्कूल में पीटी शिक्षिका के पद पर तैनात है. वह मुख्यालय डुमरा के विश्वनाथपुर के पास किराये पर मकान लेकर रहती थी. 29 दिसंबर को स्कूल में अवकाश होने के बाद वह अपने घर चली गयी. आठ जनवरी को स्कूल खुलने के बाद उसे योगदान देना था,
लेकिन वह नहीं लौटी. स्कूल के प्राचार्य के अनुसार उसके दिये गये मोबाइल नंबर पर लगातार प्रयास के बावजूद संपर्क नहीं हो पाया. इसी बीच मंगलवार को पटना सचिवालय से अधिकारियों ने स्कूल के प्राचार्य का कॉल कर रंजना की बाबत जानकारी ली. इधर, प्रभात खबर के पड़ताल में पता चला है कि 30 दिसंबर को ही रंजना विश्वनाथपुर स्थित अपने किराये का मकान खाली कर भागलपुर चली गयी थीं.
शादी की बात छिपायी, सकते में सहकर्मी : अंतरराष्ट्रीय तैराक सह सचिवालय कर्मी विनोद कुमार सिंह से प्रेम विवाह करने व फिर विनोद की हत्या में रंजना का हाथ होने की खबर के बाद स्कूल में काम करने वाले शिक्षक व कर्मी सकते हैं. खुद स्कूल के प्राचार्य ने भी आश्चर्य जताया. प्राचार्य के अनुसार रंजना राज्य स्तरीय वॉलीबॉल खिलाड़ी रही है. महज चार-पांच माह पूर्व उसने स्कूल में योगदान दिया था. वह बेहद अनुशासित लड़की थी. कभी भी छुट्टी पर नहीं रहीं. वैसे रंजना ने अंतर राष्ट्रीय तैराक विनोद से प्रेम विवाह करने की बात से भी स्कूल प्रबंधन को अनजान रखा. उसने स्कूल में अपने को अविवाहित बताया था, वह सिंदूर भी नहीं करती थी. लिहाजा लोग उसे अविवाहित ही मान रहे थे. स्कूल के शिक्षक भी उसकी शादी के खुलासे के बाद सकते में है.
हत्या कर चेहरे पर डाल दिया था तेजाब
अंतरराष्ट्रीय तैराक सह सचिवालय कर्मी विनोद कुमार सिंह का शव भागलपुर जिले के लोदीपुर थाने के कोढ़ा बहियार गांव से पुलिस ने क्षत-विक्षत अवस्था में बरामद किया था. साक्ष्य छिपाने के लिये चेहरे पर तेजाब डाल दिया गया था. विनोद के दोनों हाथ नहीं थे, बावजूद उन्होंने अंतर राष्ट्रीय स्तर पर तैराकी में पहचान बनायी थी. विनोद मूल रूप से सीवान जिले के नौतन, बड़ा सिकवा के रहने वाले थे. लेकिन उनका पूरा परिवार पश्चिम बंगाल में रहता है. उनकी शादी हो चूकी है और दो बच्चे भी है. उन्होंने रंजना को तैराकी के गुर भी सिखाये थे. रंजना मूल रूप से भागलपुर जिले के लोदी थाना के कोढ़ा गांव की रहने वाली है. वह वॉलीबॉल की राज्यस्तरीय खिलाड़ी रह चुकी है. बताया गया है कि रंजना ने विनोद से प्रेम विवाह किया था. दोनों के इस रिश्ते की जानकारी कम ही लोगों को थी. बाद में रंजना सीतामढ़ी चली आयी और पीटी टीचर के रूप में बच्चों को पढ़ाने लगी. 29 दिसंबर को स्कूल में हुई छुट्टी के बाद वह एक तरह से स्कूल की नौकरी व सीतामढ़ी को छोड़ अपने गांव चली गयी. इसी बीच मंगलवार को भागलपुर में हुई अंतर राष्ट्रीय तैराक की हत्या में रंजना का नाम सामने आया है.
