कार्यक्रम. किशोरी सशक्तीकरण पर कार्यक्रम का आयोजन
प्रमुख ने किशोरियों को जीवन से हार नहीं मानने की दी सलाह
सीतामढ़ी : हम बहनों ने ठाना है, बाल विवाह मिटाना है’, ‘हर लड़की की यही पुकार बाल विवाह है बेकार’ आदि नारों से रीगा प्रखंड का सहबाजपुर पंचायत मंगलवार को गुंजायमान रहा. मौका था सेव द चिल्ड्रेन के सहयोग से सेंटर फॉर हेल्थ एंड रिसोर्स मैनेजमेंट(चार्म) द्वारा संचालित परियोजना ‘शादी बच्चों का खेल नहीं’ के अंतर्गत आयोजित किशोरी दिवस महोत्सव का. किशोरी सशक्तिकरण और उनके समग्र विकास के उद्देश्य से आयोजित कार्यक्रम में पंचायत की करीब चार सौ किशोरियों ने भाग लिया.
इस अवसर पर किशोरियों ने बाल विवाह, किशोरी शिक्षा, स्वास्थ्य और पोषण, बाल संरक्षण और किशोरियों से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर खुल कर अपनी बात साझा की. बाल विवाह के दुष्परिणामों से आगाह करते हुए उन्होंने कहा कि बाल विवाह एक अभिशाप है, इसे खत्म करना हीं सुखद भविष्य की शुरुआत है. कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए प्रखंड प्रमुख रेखा देवी ने चार्म और सेव द चिल्ड्रेन को ऐसे आयोजन के लिए धन्यवाद दिया. उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद किशोरियों को जीवन में कभी हार न मानने की सलाह दी.
उन्होंने कहा कि मेरा जीवन भी काफी संघर्षपूर्ण रहा पर मैने कभी कोशिश नहीं छोड़ी. अंत में मुझे पहचान मिली. नेहरू युवा केंद्र के जिला युवा समन्वयक परिमल कुमार झा ने कहा कि आज की लड़कियां भी पढ़-लिख कर अपने परिवार एवं समाज का नाम ऊंचा कर सकती है, बस जरूरत है सही मार्गदर्शन की. सीडीपीओ पुष्पा कुमारी ने कहा कि बाल विवाह जैसे सामाजिक कुप्रथा के खिलाफ किशोरियों की सक्रिय भागीदारी जरूरी है.
किशोरियों के बीच प्रतियोगिता : कार्यक्रम में किशोरियों के लिए पेंटिंग, स्लोगन प्रतियोगिता, कविता पाठ एवं देशभक्ति गीत का आयोजन किया गया था. इस अवसर पर आयोजित कबड्डी प्रतियोगिता में खरसान और सहबाजपुर की किशोरियों के बीच दोस्ताना मैच खेला गया, जिसमें सहबाजपुर की टीम विजयी रही. मौके पर अधिवक्ता कश्यप कात्यायनी, अमरजीत कुमार सिन्हा, कमल कुमार, मनोज कुमार, कंचन कुमारी, इरशाद अहमद समेत
अन्य लोगों ने भी अपने-अपने विचार व्यक्त किये.
किशोरियों ने खुल कर रखी अपनी बात
सुप्पी >> कुपोषित बच्चों व पोलियो पर चर्चा
प्रखंड क्षेत्र के मनियारी स्थित भाड़े के मकान में संचालित सीडीपीओ कार्यालय में बुधवार को सीडीपीओ कुमुद कुमारी पंचालर की अध्यक्षता में बैठक हुई. मौके पर कुपोषित बच्चे व पोलियों से संबंधित विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गयी. वहीं, 27 जनवरी को पोलियो जागरूकता रैली निकाल कर लोगो को जागरूक करने का निर्णय लिया गया. मौके पर अस्पताल प्रबंधक अवनीश कुमार, केयर इंडिया के प्रबंधक रूपेश कुमार, यूनिसेफ के मो शहीद, एलएस सोनाली प्रिदर्शनी व वंदना कुमारी समेत मौजूद थे.
