डुमरा : गांव पंचायत के विकास की योजना के लिए जिले में लगातार तीन दिनों तक ग्राम सभा का आयोजन किया जायेगा. इसके तहत 16 से 18 दिसंबर तक अलग-अलग पंचायतों में ग्राम सभा का आयोजन कर मनरेगा के तहत चयनित कार्यों का अनुमोदन कर वित्तीय वर्ष 2017-2018 के लिए श्रम बजट तैयार किया जायेगा. ग्राम सभा में वार्ड सभा में चयनित योजनाओं को प्राथमिकता दी जायेगी. साथ ही गली नाली-सड़क व पेयजल योजना को भी शामिल किया जायेगा.
बैठक में मुखिया समेत त्रिस्तरीय पंचायत प्रतिनिधि के अलावा पंचायत सचिव व पंचायत रोजगार सेवक भी मौजूद रहेंगे. जिस पंचायत में पंचायत रोजगार सेवक नहीं है, वहीं ग्राम सभा में पंचायत सचिव को इसकी जिम्मेदारी होगी. इस आशय का आदेश ग्रामीण विकास विभाग के सचिव ने डीएम व डीडीसी को पत्र भेजकर दिया है. सचिव के आदेश के आलोक में इन दिनों वार्ड सभा का आयोजन लगातार जारी है. आगामी दस दिसंबर तक वार्ड सभा में योजनाओं का चयन हर हाल में कर लिया जाना है.
इसके बाद ग्राम सभा का आयोजन किया जायेगा. ग्राम सभा में इच्छुक जाब कार्डधारियों से वित्तीय वर्ष 2016-2017 में शेष बचे अवधि में काम की मांग से संबंधित सूचना का भी संग्रहण करने का आदेश दिया गया है.ग्राम सभा की कार्यवाही का संधारण प्रपत्र 4 के तहत तहत इसके लिए अलग से मुद्रित पंजी में किया जायेगा.
