गरम कपड़ों की िबक्री बढ़ी
सीतामढ़ी : जिले में घने कोहरे के साथ जहां ठंड ने कहर बरपाना शुरू कर दिया है, वहीं इसके चलते सर्दी भी सितम ढाने लगी है. जबकि गुलाबी ठंड के बीच अब गरम कपड़ों का बाजार भी गरमाने लगा है. ठंड का साइड इफेक्ट अब जहां रोगों का प्रसार बढ़ाने लगा है, वहीं दस बजे सुबह तक इलाके के घने कोहरों में लिपटे रहने की वजह से दिन में ही वाहनों का लाइट जला कर चलने की मजबूरी भी सामने आ रहीं है. जिले में शीतल हवाओं व घने कोहरों के बीच रविवार को दूसरे दिन भी ठंड का कहर जारी रहा.
अहले सुबह से ही इलाका घने कोहरों की चादरों में लिपटा नजर आया. कोहरे की वजह से रविवार को बस व ट्रेन सेवाओं के परिचालन पर भी असर पड़ा. जबकि पूरे दिन सर्द हवाएं बहती रहीं. उधर, ठंड के चलते जन जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है. जबकि ठंड जनित रोगों के प्रसार में भी लगातार वृद्धि जारी है.
हालांकि ठंड बढ़ने के साथ ही गरम कपड़ों का व्यवसाय गरम हो गया है. लिहाजा दुकानदारों की बांछे खिल गई है. व्यवसायियों को उम्मीद है कि इस बार व्यवसाय से अच्छा खासा मुनाफा होगा.
