सहियारा थाना क्षेत्र के मटियार कला गांव का मामला
बरतन-पोछा करनेवाली नौकरानी के साथ शादी का झांसा देकर बनाया शारीरिक संबंध
पंचायत बुला कर शादी के लिए दिया जा रहा था दबाव
इनकार करने पर लड़की के पिता ने करायी प्राथमिकी
सीतामढ़ी : जिले के सहियारा थाना क्षेत्र के मटियार कला गांव में शादी का झांसा देकर नाबालिग नौकरानी के साथ शारीरिक संबंध बनाने और लड़की के गर्भवती हो जाने के बाद शादी से इनकार करने का मामला सामने आया है.
जानकारी के अनुसार स्थानीय चंद्रभूषण सिंह के घर में गांव की ही करीब 16 वर्षीय एक लड़की बरतन-पोछा का काम करती थी. चंद्रभूषण सिंह का पुत्र लोक रंजन कुमार लड़की पर बुरी नीयत रखता था. लोक रंजन एक दिन अपने मकसद में कामयाब हो गया. उसने लड़की को शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाना शुरू कर दिया. इसका एक सिलसिला सा चल पड़ा. लड़की जब भी उसके घर पर काम-काज करने आती, मौका पाकर लोक रंजन उसके साथ शारीरिक संबंध बनाता था. अंजाम से अनजान लड़की गर्भवती हो गयी. लड़की का चेहरा जब बदलने लगा, तो परिजनों को शक हुआ.
माता-पिता ने जब लड़की से इस संबंध में पूछताछ की तो लड़की ने तमाम राज से परदा हटा दिया. परिजन द्वारा समाज को जानकारी दी गयी. समाज के लोगों द्वारा लड़का व उसके पिता पर शादी को लेकर दबाव बनाया जाने लगा. गुरुवार को इसी संबंध में पंचायत बुलायी गयी थी. पंचायती में लोक रंजन पर शादी दबाव बनाया जाने लगा, लेकिन लोक रंजन व उसके पिता ने लड़की को अपनाने से साफ इनकार कर दिया. इसी बीच अज्ञात व्यक्ति द्वारा स्थानीय पुलिस को सूचना दे दी गयी.
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष राकेश कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली और पीड़िता के पिता से लिखित शिकायत दर्ज कराने को कहा. थानाध्यक्ष श्री कुमार ने बताया कि लड़की के पिता द्वारा की गयी लिखित शिकायत के आलोक में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गयी है. आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किया जा रहा है. आरोपित को जल्द ही पकड़ लिया जायेगा.
