गिरफ्तार बदमाशों के साथ एएसपी व पुलिस अधिकारी.
एएसपी सह एसडीपीओ सदर राजीव रंजन ने प्रेस वार्ता में दी जानकारी
रीगा रोड से आर्म्स के साथ नगर थाना पुलिस ने किया था विक्रम तिवारी व राजन यादव को गिरफ्तार
पूछताछ के बाद दोनों को भेजा गया जेल
सीतामढ़ी : रीगा रोड से आर्म्स के साथ गिरफ्तार रीगा थाने के भगवापुर पिपराही निवासी शातिर विक्रम तिवारी व सुप्पी प्रखंड के विशनपुर निवासी राजन यादव लूट के उद्देश्य से सीतामढ़ी पहुंचे थे. बैंकों से रुपये बदल कर घर जाने वाले लोग इन बदमाशों के निशाने पर थे. इसकी मिली गुप्त सूचना के बाद पुलिस की विशेष टीम ने मंगलवार की शाम रीगा रोड में घेराबंदी कर दोनों को आर्म्स के साथ दबोच लिया. इसकी जानकारी एसडीपीओ सदर कार्यालय डुमरा में आयोजित प्रेस वार्ता में एएसपी सह एसडीपीओ सदर राजीव रंजन ने दी. वहीं बताया की दोनों शातिर राकेश यादव गिरोह के सदस्य है.
राकेश यादव शहर के चिकित्सकों से रंगदारी वसूलता था, इनकार करने पर क्लीनिक पर बम विस्फोट करता था. उसने शहर के चिकित्सक डा़ मनोज कुमार पर फायरिंग कर कातिलाना हमला किया था. वहीं डा़ आरके प्रकाश समेत कई चिकित्सकों के क्लीनिक पर विस्फोट किया था. पुलिसिया सख्ती के बाद से राकेश यादव फरार चल रहा है. उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है. एएसपी ने बताया कि इस गिरोह ने रंगदारी के लिए हत्या व कातिलाना हमले के कई वारदात को अंजाम दिया है. इनमें विक्रम तिवारी पूर्व में भी जेल जा चूका है. जबकी इस गिरोह का एक अपराधी एकलव्य जेल में बंद है.
