डुमरा : डुमरा स्थित गीता भवन में शनिवार को परिवर्तनकारी प्रारंभिक शिक्षक संघ की बैठक जिलाध्यक्ष पवन कुमार की अध्यक्षता में हुई. बैठक में नियोजित शिक्षकों को स्नातक ग्रेड में प्रोन्नति के लिए संघ की ओर से उच्च न्यायालय में दायर याचिका की सुनवाई पर व्यापक चर्चा की गयी.
जिलाध्यक्ष श्री कुमार व महासचिव शशिरंजन सुमन ने कहा कि सूबे के लगभग दो लाख स्नातक-स्नातकोत्तर नियोजित शिक्षक उच्च योग्यता रखने के बावजूद सरकार की गलत नीतियों के कारण बेसिक ग्रेड पर कार्य करने को विवश है. शिक्षक नियोजन नियमावली 2012 में शिक्षकों को दो वर्ष की सेवा के आधार पर स्नातक ग्रेड में प्रोन्नति का प्रावधान तो किया गया, लेकिन स्नातक शिक्षक के पद का न तो सृजन किया गया और न ही प्रोन्नति दी गयी.
प्रदेश संयुक्त सचिव रामकलेवर ने बताया कि संघ की ओर से न्यायालय में शिक्षकों का पक्ष रखने के लिए शिक्षा विभाग के मामले के जानकार अधिवक्ता से संपर्क किया जा रहा है. कोषाध्यक्ष राजेश कुमार ने कहा कि संघ के इस पहल से सूबे के करीब दो लाख उच्च योग्यताधारी शिक्षकों के प्रोन्नति को उम्मीद जगी है.
बैठक में अब्दुल वाहीद, संजय, मो नजीबुल्लाह, धर्मेंद्र कुमार, राकेश कुमार पासवान, मनीष आनंद, मो जवाद अकरम, जितेंद्र पासवान, सुकेश कुमार, माधवेंद्र कुमार, रणवीर कुमार सिंह, सुबोध कुमार, रामनरेश पासवान, दिनेश कुमार, प्रवीण कुमार पवन, धीरज कुमार, राजकुमार, मो नसीम अहमद, मो आरिफ हुसैन, नमोनाथ प्रसाद, शंकर साह, अभिशेखर कुमार सुमन व अनिल कुमार शर्मा समेत दर्जनों शिक्षक मौजूद थे.
