मधुबनी जिले के पचही गांव के रहनेवाले हैं सीओ जलालुद्दीन
सीतामढ़ी/बेलसंड : नगर पंचायत बेलसंड में चर्चित डस्टबीन खरीद घोटाला मामले में फरार सीओ सह कार्यपालक पदाधिकारी नगर पंचायत मो जलालुद्दीन अख्तर पर कानूनी शिकंजा कसता जा रहा है.
गुरुवार को बेलसंड थाने की पुलिस ने मो अख्तर के मधुबनी जिला अंतर्गत मधेपुर थाना के पचही गांव स्थित मकान पर इश्तेहार चिपकाया. मालूम हो कि 85 लाख के सरकारी राशि गबन के मामले में जलालुद्दीन के अलावा पूर्व मुख्य पार्षद मो नथुनी आलम, उपपार्षद शकुंतला देवी, पार्षद लीला देवी, सरिता देवी, सुनीता देवी, सफाई जमादार अशोक कुमार को आरोपित किया गया है. पूर्व सभापति नागेंद्र झा ने कोर्ट में उक्त मुकदमा दर्ज किया था जिसके आलोक में कोर्ट के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज की गयी.
थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार पासवान ने बताया कि उक्त मामले में मुख्य पार्षद मो नथुनी आलम एवं सफाई जमादार अशोक कुमार को गिरफ्तार किया गया था. जिसमें अशोक को हाइकोर्ट से जमानत मिल गयी. वहीं गिरफ्तारी के भय से सीओ समेत अन्य आरोपित फरार है. बताते चले कि डीएम राजीव रौशन ने भी सीओ जलालुद्दीन अख्तर के विरुद्ध कार्रवाई के लिए सरकार को लिख चुके हैं.
