योजना . स्वच्छता अभियान को किया गया तेज
1672आवेदकों ने किया था ऑनलाइन आवेदन
सीतामढ़ी : सात निश्चय योजना के तहत शहर में रहने वाले सभी परिवारों को शौचालय उपलब्ध कराने की प्रक्रिया तेज कर दी गयी है. नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी तारकेश्वर प्रसाद साह ने बताया कि शहर से कुल 1672 आवेदकों द्वारा शौचालय के लिए ऑनलाइन आवेदन दिया गया था. आवेदन के आलोक में शौचालय निर्माण के लिए 525 लाभुकों को कार्यादेश निर्गत कर दिया गया है.
रहेगी पारदर्शिता
पारदर्शिता के लिए सभी 525 आवेदकों के शौचालय की स्थिति की जांच करायी गयी, जिसमें पता चला कि स्वच्छ भारत मिशन व स्वयं सहायता समूह समेत अन्य माध्यम से करीब 80-90 आवेदकों का शौचालय निर्माण हो चुका है. कई आवेदकों की जिस जमीन पर शौचालय का निर्माण होना है, उस जमीन पर विवाद है. इसी 525 आवेदकों में से कई आवेदक ऐसे हैं, जिनके आवास का निर्माण प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत कराया जा रहा है. ऐसे लाभार्थियों को अलग से शौचालय का लाभ नहीं दिया जाना है, क्योंकि लाभुकों को आवास के साथ शौचालय का निर्माण भी कराना है. बताया कि जिन लाभुकों ने पूर्व में शौचालय का निर्माण करा लिया है, उनके प्रधानमंत्री आवास के लिए मिलने वाले दो लाख की राशि से 12 हजार रुपये काट लिए जाएंगे.
360 लाभुकों को मिली पहली किश्त
बताया कि 525 आवेदकों में से 490 आवेदकों के स्थल पर जा कर जांच करने के साथ ही फोटोग्राफी कराने के बाद 360 लाभुकों को निर्माण के लिए प्रथम किश्त की राशि जारी कर दी गयी है. जानकारी के अनुसार ऑनलाइन आवेदन करने वाले 1672 आवेदकों में से आधे से भी कम लोग हैं, जिनके पास शौचालय नहीं है.
पार्षद की लापरवाही से दर्जनों वंचित
सच यह है कि कई वार्ड ऐसे हैं, जहां के वार्ड पार्षद की लापरवाही के कारण उक्त वार्ड के दर्जनों उचित लाभुकों को शौचालय से वंचित होना पड़ा है. इसका उदाहरण इस बात से मिलता है कि किसी वार्ड में 100 से भी अधिक शौचालय निर्माण के लिए कार्यादेश जारी किया गया है, तो कई वार्डों में एक भी शौचालय का निर्माण नहीं
कराया जा रहा है.
वार्ड नंबर: 1-103, वार्ड नंबर: 2-13, वार्ड नंबर: 3 -100, वार्ड नंबर: 4-49, वार्ड नंबर: 5-44, वार्ड नंबर: 7-4, वार्ड नंबर: 8-13, वार्ड नंबर: 9-3, वार्ड नंबर: 10 –, वार्ड नंबर: 11 – -, वार्ड नंबर: 12 -7, वार्ड नंबर: 13 -10, वार्ड नंबर: 14 -19, वार्ड नंबर: 15-25, वार्ड नंबर: 16 -01, वार्ड नंबर: 18 -9, वार्ड नंबर: 19 -03, वार्ड नंबर: 20 -07, वार्ड नंबर: 21 -03, वार्ड नंबर: 22 -21, वार्ड नंबर: 24 -04, वार्ड नंबर: 25 -35, वार्ड नंबर: 26 -01, वार्ड नंबर: 28 -01
