ब्रजेश निर्विरोध निर्वाचित हुए प्रमुख

चुनाव. तीन वोट से उपप्रमुख पद पर जीते ललित, सीमा कुमारी को मिले 12 मत सोनबरसा प्रमुख चुनाव को ले 29 में 27 सदस्य थे मौजूद मेजरगंज में एसडीओ की मौजूदगी में हुआ चुनाव सोनबरसा : प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित ट्राइसेम भवन में मंगलवार को प्रमुख व उपप्रमुख का चुनाव हुआ. इससे पूर्व सदर एसडीओ […]

चुनाव. तीन वोट से उपप्रमुख पद पर जीते ललित, सीमा कुमारी को मिले 12 मत

सोनबरसा प्रमुख चुनाव को ले 29 में 27 सदस्य थे मौजूद
मेजरगंज में एसडीओ की मौजूदगी में हुआ चुनाव
सोनबरसा : प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित ट्राइसेम भवन में मंगलवार को प्रमुख व उपप्रमुख का चुनाव हुआ. इससे पूर्व सदर एसडीओ संजय कृष्ण ने पंचायत समिति सदस्यों को शपथ ग्रहण कराया. 29 में से 27 सदस्य मौजूद थे. प्रमुख पद के लिए एक मात्र ब्रजेश पासवान द्वारा नामांकन दाखिल किया गया. इस तरह उन्हें निर्विरोध प्रमुख निर्वाचित घोषित किया गया.
यह प्रखंड की विकास के लिए एक शुभ संकेत माना जा रहा है.
वहीं, उपप्रमुख पद के लिए सदस्यों के बीच किसी एक नाम पर राय नहीं बन पायी. जयकिशोर साह ललित व सीमा कुमारी ने नामांकन दाखिल किया. वोटिंग के बाद श्री ललित को 15 व सीमा कुमारी को 12 मत मिले. तीन मत से श्री ललित उपप्रमुख निर्वाचित घोषित किये गये. एसडीओ श्री कृष्ण ने प्रमुख श्री पासवान व उपप्रमुख श्री ललित को प्रमाण पत्र दिया.
चुनाव संपन्न होने के बाद प्रमुख व उपप्रमुख के समर्थकों ने एक-दूसरे को अबीर व गुलाल लगा कर जीत की बधाई दी. पटाखे भी छोड़े गये. मौके पर बीडीओ कामिनी देवी, सीओ एसके दत्त व थानाध्यक्ष फुलदेव चौधरी समेत अन्य मौजूद थे.
पुलिस के डर से नहीं पहुंचे : मढ़िया पंचायत से पंचायत समिति के रूप में अजय शुभम निर्वाचित हैं. वे न तो शपथ और न ही प्रमुख व उपप्रमुख के चुनाव में भाग ले सके. कारण कि श्री शुभम को पुलिस बेसब्री से खोज रही है.
बता दें कि घुरघुरा हनुमाननगर गांव स्थित एक चिमनी से पुलिस ने बड़ी मात्रा में शराब जब्त किया था. उस दौरान यह बात सामने आयी थी कि अजय शुभम द्वारा ही चिमनी में शराब छुपा कर रखा गया था. जब्त शराब की बाबत प्राथमिकी भी दर्ज की गयी थी. श्री शुभम फरार चल रहे हैं. गिरफ्तारी के डर से वे प्रमुख व उपप्रमुख के चुनाव में भाग नहीं ले सके.
एसडीओ ने बताया समय का महत्व : भलुआहां पंचायत से पंसस के रूप में रंजना देवी निर्वाचित हैं. एसडीओ ने रंजना देवी को समय का महत्व बताया. इस बात को शायद ही वह कभी भूल पायेंगी. हुआ यह कि शपथ ग्रहण शुरू होने के बाद रंजना देवी ट्राइसेम भवन पर पहुंची. एसडीओ ने पाया कि वह निर्धारित समय से काफी विलंब से आयी हैं. इस कारण रंजना देवी को शपथ ग्रहण एवं प्रमुख व उपप्रमुख के चुनाव में भाग नहीं लेने दिया गया.
सदस्यों की सहमति से प्रमुख चुनी गयी आशा देवी: मेजरगंज . प्रखंड कार्यालय में प्रमुख व उपप्रमुख का चुनाव हुआ. इससे पहले सदर एसडीओ संजय कृष्ण ने निर्वाचित पंचायत समिति सदस्यों को शपथ दिलायी. एसडीओ की मौजूदगी में पंसस अशोक कुमार सिंह ने प्रमुख पद के लिए आशा देवी के नाम का प्रस्ताव रखा, जिसका समर्थन पंसस नवीन कुमार सिंह द्वारा किया गया. उसके बाद सभी सदस्यों ने ताली बजा कर आशा देवी के नाम का अनुमोदन किया.
बाद में प्रमुख पद पर आशा देवी को निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया गया. उपप्रमुख के लिए मनोज कुमार व रीना देवी के बीच चुनाव हुआ. वोटिंग में 12 सदस्य भाग लिये. दोनों को पांच-पांच मत मिले, जबकि दो वोट रद्द कर दिये गये. एसडीओ श्री कृष्ण ने टॉस करवाया. मनोज कुमार की किस्मत अच्छी थी, उन्हें उपप्रमुख घोषित कर दिया गया. एसडीओ ने प्रमुख व उपप्रमुख को प्रमाण पत्र दिया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >