दूसरे राज्यों से छोटे-बड़े व्यवसायी सामान के साथ मंगा रहे शराब, वसूल रहे मनमाना दाम
शराब के अवैध धंधे में महिला कारोबारी भी शामिल
सख्ती के बावजूद नहीं रुक रही आपूर्ति
सीतामढ़ी : जिला प्रशासन के सभी तरह की सतर्कता के बावजूद शराब का काला कारोबार शहर से लेकर गांव तक फैल रहा है. करोड़ों रुपये के राजस्व का घाटा उठा कर अमन-चैन स्थापित करने के लिए बिहार सरकार के इस सराहनीय कदम को दीमक की तरह छोटे-बड़े कारोबारियों ने शुरू कर दिया है.
संपन्न लोग व आदतन शराबी को शराब उपलब्ध हो जा रहा है. फर्क सिर्फ यह है कि अब ग्राहक को दुकानदार के पास शराब लाने जाने नहीं पड़ता है. ऑर्डर मिलने के बाद होम डिलेवरी या सुनसान जगह पर बुला कर शराब की आपूर्ति की जा रही है. स्पष्ट प्रमाण है कि गत एक अप्रैल से शराब बंदी के बाद एसएसबी, जिला पुलिस व उत्पाद विभाग ने सैकड़ों पियक्कड़ व दर्जनों कारोबारी को पकड़ कर जेल भेज चुकी है. जिसमें तीन महिला शराब कारोबारी भी शामिल है.
नेपाल की खुली सीमा का उठा रहे फायदा: शराब कारोबार से जुड़े वैध व अवैध कारोबारी बताते है कि वर्तमान में शराब की सबसे ज्यादा आपूर्ति बॉर्डर पार नेपाल से हो रही है. एसएसबी सतर्कता के बावजूद रात के अंधेरा में शराब को लाया जा रहा है. कारण है कि चेक पोस्ट पर एसएसबी की सतर्कता को देखते हुए शराब के कारोबारी रात के सन्नाटे में खुली सीमा होने का फायदा उठा कर खेत-खलिहान से बॉर्डर पार कर शराब को भारतीय सीमा में ला रहे है.
इसके अलावा बड़ी संख्या में जिले के सीमावर्ती प्रखंड बैरगनिया, बेला, मेजरगंज, सुप्पी व सुरसंड से लोग शराब पीने नेपाल जा रहे है. इसके ज्यादा संख्या मजदूर वर्ग के लोगों की रह रही है. जो शाम ढ़लने के बाद बॉर्डर पार कर शराब पीने नेपाल जाते है. इस दौरान वहां से लौटने के क्रम में कुछ लोग एसएसबी, जिला पुलिस व उत्पाद विभाग के हत्थे चढ़ कर जेल भी जा रहे है.
ट्रक व बस से भी आ रहा शराब
सूत्र बताते है कि बिहार के विभिन्न जिला की तरह सीतामढ़ी से दूसरे राज्य, उदाहरण के तौर पर रांची जाने वाली कुछ बस कर्मी, लौटते समय अपने साथ थोड़ा-बहुत शराब की बोतल लेकर आ रही है. रांची से आने वाले कुछ यात्री भी सतर्कता के साथ शराब की कुछ बोतल लेकर आ रहे है. इसी प्रकार दूसरे राज्य से माल वाहक ट्रक के चालक व खलासी कपड़ा, तेल व डालडा के बॉक्स में शराब रख का ला रहे है. हालांकि कपड़ा व डालडा समेत ट्रक से सामान मंगाने वाले कारोबारी ही शराब की बड़ी खेप को मंगा कर महंगे दाम पर बेच रहे है.
शराब को लेकर नेपाल पुलिस भी सख्त: बिहार में शराब बंदी को लेकर नेपाल पुलिस भी सख्त हो गयी है. वह जगह-जगह छापेमारी कर पियक्कड़ों को दंडित कर रही है.
कारण है कि बिहार में शराब बंदी के बाद भारतीय सीमा से लोग नेपाल जा रहे है और वहां नशे की हालत में हुड़दंग कर रहे है. जिससे वहां का लॉ एंड ऑर्डर प्रभावित हो रहा है. नेपाल में छिनतई की घटना भी बढ़ गयी है.
नेपाल पुलिस का मानना है कि शराब की जरूरत को पूरा करने के लिए पियक्कड़ आपराधिक घटनाओं को अंजाम दे रहे है. यही कारण है कि नेपाल में प्रतिदिन शराब के ठेकों पर छापेमारी की जा रही है. इससे वहां भी अब धीरे-धीरे शराबियों व कारोबारियों में हड़कंप मचता जा रहा है.
सीतामढ़ी : नेपाल से शराब पीकर आने वाले शराबियों की हरकत में कोई अंतर नहीं आ रहा है. रविवार की शाम उत्पाद विभाग के प्रहार दल के अवर निरीक्षक दिलीप कुमार ने होमगार्ड जवानों के साथ ब्रेथेलाइजर का उपयोग करते हुए बेला थाना के गोरहारी नोचा बाजार पर नशे की हालत में गिरफ्तार कर रविवार को न्यायालय में प्रस्तुत किया. जहां से पांचों को जेल भेज दिया गया. गिरफ्तार शराबियों में जिले के बथनाहा थाना क्षेत्र के टंडसपुर निवासी शिवपूजन कुमार, परिहार के सुतिहारा का पिंटू कुमार, बेला के सौरभ का विपिन कुमार सिंह, परिहार के सिसवा का परवेज आलम, बथनाहा के टंडसपुर रूपौली का संगीत पासवान का नाम शामिल है. पूछताछ में बताया कि नेपाल से शराब पीकर लौट रहे है.
नगर थाना : नगर थाना पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर 16 लोगों को नशे की हालत में पकड़ कर जेल भेज चुकी है. कोर्ट बाजार में गुड्डू साह के किराये के मकान पर छापेमारी कर अवैध शराब के कारोबार का खुलासा भी किया. हालांकि कारोबारी के मामले में नियमानुकूल कानूनी प्रक्रिया का पालन नहीं करने के कारण उत्पाद विभाग के एक पुलिसकर्मी से न्यायालय ने स्पष्टीकरण भी मांगा है.
पुपरी थाना : 2 कारोबारी गिरफ्तार, 187 लीटर देशी, विदेशी शराब व बियर जब्त
रून्नीसैदपुर थाना : 11 गिरफ्तार, कच्चा स्पिरिट 405 लीटर, देशी शराब 543 व विदेशी शराब 159 लीटर बरामद.
परिहार थाना : शराब बेचने, खरीदने व नशे की हालत में पकड़े जाने को लेकर तीन प्राथमिकी दर्ज. पांच गिरफ्तार, गये जेल.
डुमरा थाना : शराब बेचने, खरीदने व नशे की हालत में पकड़े जाने को लेकर आधा दर्जन लोग गये जेल.
नानपुर थाना: एक कारोबारी व एक शराबी गिरफ्तार
बथनाहा थाना : दो कारोबारी व दो शराबी गिरफ्तार, दो कारोबारी पर प्राथमिकी, अब तक फरार.
सुरसंड थाना : पांच कारोबारी, चार शराबी व 18 लीटर शराब जब्त
भिठ्ठा ओपी : चार कारोबारी, पांच शराबी व 24 लीटर शराब जब्त
मेजरगंज थाना : दो शराबी गिरफ्तार.
बैरगिनया थाना : 18 कारोबरी व शराबी गिरफ्तार हुए़ चार सौ लीटर िवदेशी व नेपाली सौफी बरामद
उत्पाद विभाग : 76 कारोबारी व शराबी गिरफ्तार. 51 लीटर पाउच, 22 लीटर देशी, 25 लीटर विदेशी, 15 सौ केजी महुआ व 477 लीटर ताड़ी जब्त.
एसएसबी : चार कारोबारी व 461 लीटर शराब जब्त
