सीतामढ़ी : नानपुर थाना क्षेत्र के नानपुर गांव में सोमवार की रात करीब 8:30 बजे निवर्तमान मुखिया व नवनिर्वाचित जिला पार्षद के बीच हिंसक झड़प हुई.
घटना में जिला पार्षद व उनके समर्थकों द्वारा की गयी मारपीट में निवर्तमान मुखिया, उनके भाई व साला गंभीर रूप से जख्मी हो गये. जख्मी निवर्तमान मुखिया मो नजरे आलम, मो सदरे आलम, मो मोवाज अली की चिकित्सा सदर अस्पताल में चल रही है. इलाज के दौरान ही नगर थाना पुलिस ने पीड़ितों का बयान दर्ज किया.
जख्मी नजरे आलम ने पुलिस को बताया कि नवनिर्वाचित जिला पार्षद नेयाज अहमद, अफरोज, मो मुन्ना, हबुर्रर रहमान, उमैर रजा, वशीका खातून, रोजीरा खातून, मो सद्दाम, नौसाद व निखत परवीण ने मारपीट की. बताया कि 13 जून की रात वह अपने भाई व साले के साथ नवनिर्मित दुकान के पास बैठक कर बातचीत कर रहे थे. इसी बीच, सभी आरोपित रॉड, लाठी, डंडा, फरसा व तलवार के साथ दुकान पर पहुंचे.
वोट के दौरान इधर-उधर करने की बात कहते हुए गाली-गलौज करने लगा. मना करने पर मारपीट शुरू कर दिया, जिसमें तीनों जख्मी हो गये. नजरे आलम ने बताया कि तब तक ग्रामीण पहुंच गये और उसे मरा हुआ समझकर आरोपित फरार हो गये.
नानपुर गांव में जिला पार्षद व समर्थकों ने निवर्तमान मुखिया पर किया हमला
जमीन का है मामला: बताया गया है कि निवर्तमान मुखिया नजरे आलम व नवनिर्वाचित नेयाज अहमद के बीच दुकान बनाये गये जमीन को लेकर विवाद चला आ रहा है. उसी मामले से इस घटना को जोड़कर देखा जा रहा है.
