15 तक होगा जिला स्तरीय ओलंपिक
सीतामढ़ी : कला संस्कृति एवं युवा विभाग के प्रधान सचिव ने जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिता कराने का निर्णय लिया है. इसमें विद्यालय स्तर के प्रतिभागियों के अलावा महिलाओं के लिए भी खेलों का प्रावधान किया गया है. सब कुछ ठीक-ठाक रहा तो 15 मई तक लोगों को जिला स्तरीय ओलंपिक का नजारा देखने को मिलेगा. वह दृश्य अद्भुत होगा जब मार्च पास्ट में एक साथ दो हजार खिलाड़ी शामिल होंगे.
खेलों के लिए कैलेंडर जारी
सरकार के स्तर से खेलों के लिए कलेंडर जारी कर दिया गया है. जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिताएं एक अप्रैल से 15 मई के बीच होनी है. इस प्रतियोगिता में विद्यालय एवं महिला खेल की सभी विधाएं शामिल होंगी. वीनू माकंड एवं सीके नायडू क्रिकेट की जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं एक सितंबर से 10 अक्तूबर के बीच होगी. महिलाओं के लिए क्रमश: एथलेटिक्स, कबड्डी, बैडमिंटन व खो-खो आदि खेलों का चयन किया गया है.
आज डीएम करेंगे बैठक
चार अप्रैल को डीएम राजीव रौशन जिला स्तरीय होने वाले खेलों के लिए पहली तैयारी बैठक करेंगे. इस बाबत डीइओ को एक पत्र भेजा गया है, जिसमें कहा गया है कि विभिन्न खेलों में जिला स्तरीय प्रतिभा को बढ़ावा देने एवं प्रत्येक उच्च व उत्क्रमित उच्च विद्यालय में खेल परंपरा के उत्थान के उद्देश्य से सभी विद्यालयों को भाग लेना अनिवार्य है.
डीइओ को आदेश दिया गया है कि उक्त सभी विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों के साथ खेलवार दल का गठन कर बैठक में भाग लेना सुनिश्चित करें. बैठक में सभी प्रधानाध्यापक, शारीरिक शिक्षक व बीइओ भी भाग लेंगे. सभी विद्यालय के प्रधान शिक्षकों को उक्त खेलों में से कम से कम चार खेल की टीम के गठन के साथ बैठक में आने को कहा गया है.
कई खेलों का होगा आयोजन
जिला स्तरीय खेलों में क्रमश: एथलेटिक्स, कबड्डी, वॉलीबॉल, फुटबॉल, क्रिकेट, ताईक्वाण्डो, भारोत्तोलन, तलवारबाजी, वुशू, हैंडबॉल, खो-खो, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, कुश्ती, शतरंज समेत अन्य खेलों का आयोजन होना है. खेल प्रेमियों के लिए वह अद्भुत समय होगा जब उक्त तमाम खेल एक साथ विभिन्न स्थानों पर खेले जायेंगे. बताया गया है कि डुमरा स्टेडियम मैदान व हवाई अड्डा मैदान में सभी खेल होंगे. हालांकि खेलों के स्थल को लेकर आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पायी है.
यह है सरकार की सोच
खेलकूद की गतिविधियों को लेकर राज्य सरकार काफी गंभीर हुई है. सरकार का मानना है कि मानव जीवन के बहुमुखी विकास में खेलकूद की गतिविधियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है. यह सरकार की प्राथमिकताओं में भी शामिल है. नयी पीढ़ी को खेल की गतिविधियों से जोड़ कर हम आने वाले दिनों में स्वस्थ व सबल पीढ़ी का योगदान प्राप्त कर सकेंगे.
