सात पुलिसकर्मी घायल
मुखिया रौनक समेत आठ गिरफ्तार
जीआरपी व नगर थाने में अलग-अलग प्राथमिकियां दर्ज
मुखिया व मुखियापति समेत 27 नामजद
सीतामढ़ी : स्थानीय रेल थाने से कन्हैया नामक सिपाही का अपहरण कर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए मेहसौल गोट पंचायत में छापेमारी की. इस दौरान पुलिस पर हमला कर दिया गया, जिसमें ओपी प्रभारी समेत सात पुलिसकर्मी जख्मी हो गये़ हालांकि, पुलिस ने भारी विरोध के बीच मुखिया रौनक व परवेज को गिरफ्तार कर लिया. शनिवार को रौनक को समस्तीपुर रेल पुलिस के हवाले कर दिया गया.
इधर, सिपाही पर हमला करने के बाद पुलिस के सख्त होने की भनक मिलते ही मुखिया पति सह पंचायत समिति सदस्य सह रालोसपा के प्रदेश महासचिव मो आरिफ हुसैन भूमिगत हो गये. छापेमारी के दौरान घटना की सुबह मेहसौल में बंधक बने कन्हैया को छुड़ाने के क्रम में पुलिस से धक्का-मुक्की करने के मामले में संदिग्ध आठ लोगों को भी पुलिस ने हिरासत में लिया. जिनकी जांच में संलिप्तता नही पाये जाने पर देर शाम छोड़ दिया गया. मेहसौल ओपी में प्रेस क्रॉन्फ्रेंस कर सदर डीएसपी सह एएसपी राजीव रंजन ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए मुखिया व मुखिया पति को गिरफ्तार करने कुछ पुलिसकर्मी गये थे. सरकारी कागजात को जब्त करते देख मुखिया व उसके समर्थकों ने पुलिसवालों पर हमला कर दिया. संख्या कम होने के कारण पुलिसकर्मियों को जीप छोड़ कर वहां लौटना पड़ा.
आरक्षी की पिटाई व तोड़फोड़ मामले में प्राथमिकी : रेल थाना में तैनात आरक्षी कन्हैया लाल को अगवा कर बेरहमी से पिटाई, पुलिसकर्मियों पर जानलेवा हमला तथा कार्यालय में तोड़फोड़ के मामले में शुक्रवार को रेल थाना दरभंगा में अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है.
