सीतामढ़ी : नियुक्ति पत्र देने की मांग को लेकर उम्मीदवार अनुसेवी संघ के अध्यक्ष राजनंदन सहनी अब भी अनशन पर अड़े हुए हैं. गुरुवार को चौथे दिन भी उनका अनशन जारी रहा. इस बीच, मर्यादा पथ पर रोक के बावजूद अनशन का कार्यक्रम करने को सदर एसडीओ संजय कृष्ण ने धारा 144 का उल्लंघन माना है.
उनके आदेश पर कार्यपालक दंडाधिकारी शिलानाथ सिन्हा द्वारा अध्यक्ष सहनी समेत 31 उम्मीदवार अनुसेविओं के खिलाफ डुमरा थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है. प्राथमिकी के बावजूद उम्मीदवार अनुसेविओं के हौसले में कोई कमी नहीं आयी है. पूर्व की तरह वे बेखौफ अनशन कर रहे हैं. माना जा रहा था कि सदर एसडीओ के समझाने के बाद उम्मीदवार अनुसेवी अनशन का स्थल बदल लेंगे. संघ के कुछ सदस्यों का विचार था कि अनशन का स्थल बदल लें, पर कुछ सदस्यों के उस विचार पर राजी नहीं होने के चलते स्थल में कोई बदलाव नहीं किया गया.
सभी उम्मीदवार अनुसेवी समाहरणालय के ठीक सामने सड़क किनारे अनशनकारी अध्यक्ष सहनी के साथ बैठे हुए हैं. बता दें कि डीएम कोठी से लेकर डुमरा थाना तक की सड़क को जिला प्रशासन द्वारा वर्षों पूर्व ‘मर्यादा पथ’ घोषित किया गया था. पूर्व डीएम ने जारी आदेश में कहा था कि इस पथ पर धरना-प्रदर्शन, जुलूस व अनशन आदि कार्यक्रम नहीं किये जायेंगे. वहीं सदर एसडीओ ने एक आदेश जारी कर उक्त पथ पर धारा 144 लागू कर दिया था. यानी पांच या पांच से अधिक व्यक्ति एक स्थान पर नहीं रह सकते हैं. अन्यथा आदेश का उल्लंघन मान उनके खिलाफ कार्रवाई का प्रावधान किया गया था. इसी के तहत उम्मीदवार अनुसेविओं के खिलाफ भी कार्रवाई की गयी है.
संघ के अध्यक्ष राजनंदन सहनी के अलावा अंजनी कुमार झा, वीरेंद्र झा, रामविनय राय, बैजू कुमार, अचल कुमार राय, रामलखन राय, मोहन कुमार सिंह, रामविलास सिंह, नरेश पासवान, अजय कुमार, रामजी सिंह, रामबाबू महतो, भोला पासवान, रामविनोद सिंह, रामचंद्र महतो, रामलक्ष्मण प्रसाद यादव, मटुकधारी महतो, शंकर राम, देवनारायण सिंह, राजेश कुमार, रामस्नेही राम, रामबाबू कुमार, जलेश्वर कुमार, प्रदीप महतो, रामजीवन राय, कपिलदेव राय, रंजु कुमारी पाठक, श्यामनंदन राउत, मनोज कुमार व प्रमोद कुमार पटेल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है.
